जनता कर्फ्यू के मद्देनजर पसरा सन्नाटा
- फोटो : अमर उजाला
कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रस्तावित ‘जनता कर्फ्यू’ के मद्देनजर मध्यप्रदेश की सड़कें रविवार सुबह से सुनसान रहीं और सार्वजनिक स्थलों पर सन्नाटा पसरा रहा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना वायरस से निपटने के प्रयासों के तहत सामाजिक दूरी बनाने के लिए लोगों से रविवार को सुबह सात से रात नौ बजे तक ‘जनता कर्फ्यू’ का हिस्सा बनने और इसके तहत घरों में ही रहने की अपील की है।
‘जनता कर्फ्यू’ के तहत सड़कें सुनसान हैं। यहां तक कि सुबह टहलने जाने वाले लोग भी पूरे प्रदेश में अपने घरों से बाहर नहीं निकले । पार्क, स्टेडियम और मैदान में भी लोग घूमने, व्यायाम करने और टहलने के लिए नहीं आए। सड़कों के किनारे स्थित दुकानें और भोजनालय भी बंद रहे।
मध्यप्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री तरुण भनोत ने बताया कि प्रदेश के चार सात जिलों जबलपुर, सिवनी, बालाघाट, बैतूल, ग्वालियर, छिन्दवाड़ा और नरसिंहपुर को शनिवार से लॉकडाउन किया गया है। उन्होंने कहा कि इन सात जिलों में नरसिंहपुर में 14 दिनों तक बंद रहेगा, जबकि बाकी छह जिलों को दो या तीन दिनों तक बंद किया जाएगा।
मध्य प्रदेश में शुक्रवार को कोरोना वायरस का पहला मामला आया। इस दिन जबलपुर में चार लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए। इनमें दुबई से लौटे एक परिवार के तीन सदस्य और जर्मनी से वापस आया एक व्यक्ति शामिल हैं। भनोत ने बताया कि इन चारों लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनका इलाज कराया जा रहा है। इन सभी की हालत स्थिर है।