महाराष्ट्र में कोराना संक्रमण लगातार बढ़ने के कारण मध्यप्रदेश के बड़वानी जिला प्रशासन ने उससे सटे सीमावर्ती ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़ने वाले सभी रास्ते सोमवार से बंद कर दिए हैं। एक अधिकारी ने कहा कि हालांकि, दो मुख्य मार्गों से महाराष्ट्र से मध्य प्रदेश के बड़वानी में यात्री बसों के अलावा अन्य वाहनों का आना-जाना जारी रहेगा।
महाराष्ट्र सीमा पर संक्रमण के मामले बढ़े
मध्यप्रदेश के महाराष्ट्र सीमा से लगे जिलों में भी कोरोना संक्रमण के मामले तेजी से बढ़े हैं। छिंदवाड़ा में 287, बालाघाट में 135, बड़वानी में 154, बैतूल में 442, खंडवा में 106 सक्रिय मामले हैं। एक महीने में यहां सक्रिय मामले तीन गुना तक बढ़ गए हैं। एक मार्च को छिंदवाड़ा में सिर्फ 92 सक्रिय मामले थे। मध्यप्रदेश में कोरोना संक्रमण बेकाबू होता जा रहा है। यहां तीन जिले ऐसे हैं, जहां मामले बढ़ते ही जा रहे हैं। प्रदेशभर में रोज सामने आ रहे कुल मामलों में से करीब 55 फीसदी मामले इन्हीं जिलों में हैं। सिर्फ यही नहीं लोग कोरोना संबंधी दिशा-निर्देशों का उल्लंघन भी कर रहे हैं।
बड़वानी के कलेक्टर शिवराज सिंह वर्मा ने सोमवार को बताया कि बड़वानी जिले से सटे हुए महाराष्ट्र में कोराना वायरस संक्रमण के लगातार बढ़ रहे मामलों के मद्देनजर महाराष्ट्र से सटे हुए सीमावर्ती ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़ने वाले सभी रास्तों को तत्काल बंद करने के आदेश संबंधित सब डिवीजनल मजिस्ट्रेट (एसडीएम) को दिए हैं। पुलिस और अन्य विभागों की मदद से बैरिकेड के माध्यम से रास्ता बंद कर महाराष्ट्र से आने-जाने वालों पर रोक लगा दी गई है। वर्मा ने बताया कि खेतिया से वरला-बलवाड़ी गांवों तक लगभग 150 से 200 किलोमीटर तक का बड़वानी जिले का क्षेत्र महाराष्ट्र सीमा से सटा हुआ है। इसको देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन यह कदम उठाया है।
ये दो मार्ग चालू रहेंगे
वहीं, सेंधवा बिजासन वाले मुंबई-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग-3 और खेतिया मार्ग सिर्फ यही दो रास्तों से वाहनों का आना-जाना जारी रहेगा। वर्मा ने बताया कि इन दोनों रास्तों से महाराष्ट्र से आने वाले लोगों की जिले में 10 स्थानों पर थर्मल स्क्रीनिंग करने के बंदोबस्त किए गए हैं और यदि किसी व्यक्ति के शरीर में अधिक तापमान पाया जाएगा, तो उसे घर में पृथक-वास में रखा जाएगा। वर्मा ने बताया कि इससे पूर्व राज्य शासन के द्वारा जारी किए गए आदेश में महाराष्ट्र से आने और जाने वाली यात्री बसों के आवागमन पर रोक लगाई जा चुकी है।
वरला व बलवाड़ी में स्वैच्छिक लॉकडाउन
इसी बीच, बलवाड़ी गांव के निवासी अभय बिहानी ने कहा कि मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के वरला एवं बलवाड़ी में ग्रामीणों ने बैठक कर आज सोमवार से पांच दिन का स्वैच्छिक लॉकडाउन का निर्णय लिया है। ये दोनों गांव महाराष्ट्र से सटे हुए हैं और महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए ग्रामीणों ने यह कदम उठाया है। पांच दिन के इस स्वैच्छिक लॉकडाउन में बुधवार को सिर्फ दो घंटे किराना दुकानें खुलेंगी। बाकी दिन शुक्रवार तक पूर्ण लॉकडाउन रहेगा।
बड़वानी में 35 नए मामले
बड़वानी में रविवार को कोरोना संक्रमण के 35 नए मामले दर्ज किए गए हैं। इन्हें मिलाकर वहां अब तक कोरोना वायरस संक्रमण के 3,291 मामले सामने आए चुके हैं, जिनमें से 31 लोगों की मौत हो चुकी है।