देश में पिछले साल कोरोना वायरस ने दस्तक दी, तो देश भर के स्कूल बंद कर दिए गए। लोग घरों में कैद हो गए। बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसलिए ऑनलाइन कक्षाएं शुरू की गईं, लेकिन इससे ग्रामीण क्षेत्र में रहने वाले बच्चों की समस्या और बढ़ गई क्योंकि उनके पास ऑनलाइन कक्षाओं के जरिये पढ़ाई करने के लिए मोबाइल और नेटवर्क की सुविधा नहीं थी। मध्यप्रदेश के सागर जिले में ऐसे ही बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसलिए एक सरकारी स्कूल के शिक्षक ने चलती-फिरती लाइब्रेरी बना दी।
कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए लगाए गए लॉकडाउन और बाद में संक्रमण के डर के चलते बंद रहे स्कूलों के चलते मध्यप्रदेश के सागर जिले के विभिन्न गांव में बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही थी। इसके देखते हुए सागर के एक सरकारी स्कूल के शिक्षक सीएच श्रीवास्तव ने अपने स्कूटर पर ही चलती-फिरती लाइब्रेरी बना दी। इस लाइब्रेरी में बच्चों के कोर्स संबंधित सभी किताबें होने के साथ ही अन्य जरूरी किताबें भी हैं।
श्रीवास्तव ने बताया कि यहां ज्यादातर छात्र गरीब परिवारों से ताल्लुक रखते हैं और ऑनलाइन शिक्षा तक उनकी पहुंच नहीं है। कोविड के कारण स्कूल बंद चल रहे हैं, ऐसे में उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो यही सोचकर यह पुस्तकाल बनाया है। अब इस पुस्तकालय से किताबें लेकर गांव में शिक्षक बच्चों को पढ़ा रहे हैं। श्रीवास्तव की सराहनीय सोच की जमकर सराहना हो रही है।