कांग्रेस नेता केके मिश्रा का विवादित बयान
- फोटो : अमर उजाला
कांग्रेस नेता केके मिश्रा ने बुरहानपुर में भाजपा पर तंज कसते हुए विवादित बयान दिया। केके मिश्रा ने कहा कि बुरहानपुर बीजेपी में कोई मर्द बचा ही नहीं है। मैं उम्मीद करूंगा कि जिस गिलास में सुमित्रा महाजन पानी पीती हैं, उस गिलास का एक-एक घूंट जूठा पानी भाजपाई पिएंगे तो अच्छा होगा। भाजपा में सुमित्रा महाजन सिर्फ ऐसी महिला हैं, जो मर्द निकलीं।
दरअसल भारत जोड़ो यात्रा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए केके मिश्रा सोमवार को बुरहानपुर आए थे। यहां उन्होंने कांग्रेसी नेताओं से चर्चा की और तैयारियों के बारे में बात की। इस दौरान इन्होंने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की आंखों में देश को तोड़ने का चश्मा चढ़ा हुआ है। सांप्रदायिकता का भी चश्मा चढ़ा हुआ है। जो देश को जोड़ने की बात करता है, भाजपा को वह दुश्मन नजर आता है। भारतीय जनता पार्टी में एकमात्र महिला होकर सुमित्रा महाजन मर्द निकलीं। बाकी मेरी निगाह में भाजपा में कोई मर्द नहीं बचा। उन्होंने जिस ढंग से राहुल गांधी की यात्रा की सराहना की, उसके लिए मैं उनका आभार व्यक्त करता हूं। मैं उम्मीद करूंगा कि जिस गिलास में सुमित्रा महाजन पानी पीती हैं, उस गिलास का एक-एक घूंट जूठा पानी भी भाजपाई पीएं तो अच्छा होगा।