दमोह के कुम्हारी थाना के एक आरक्षक का हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। भगवती मानव कल्याण संगठन के सदस्यों और आरक्षक के बीच थाने में विवाद हो गया। अब विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें आरक्षक संगठन के सदस्यों को गालियां देते हुए और धमकाते हुए नजर आ रहा है।
संगठन के सदस्यों ने आरक्षक की हरकत की सीडी बनाकर मध्य प्रदेश के डीजीपी और गृह मंत्री को भेजकर कार्रवाई की मांग की है। बताया जा रहा है कि संगठन के सदस्यों ने कुम्हारी थाना क्षेत्र में अवैध शराब पकड़ी थी। वे अवैध शराब लेकर आरोपी पर कार्रवाई कराने के लिए कुम्हारी थाना पहुंचे थे, जहां पदस्थ आरक्षक पीयूष से कार्यकर्ताओं का किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
वीडियो में आरक्षक चिल्ला रहा है कि संगठन के एक कार्यकर्ता ने उसकी कॉलर क्यों पकड़ी। जबकि कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे सीसीटीवी फुटेज दिखा सकते हैं कि उन्होंने ऐसा कुछ भी नहीं किया है। इसके बाद आरक्षक अपना आपा खो गया और लगातार संगठन के कार्यकर्ताओं को काफी देर तक गालियां देता रहा।
विवाद के दौरान साथी आरक्षक को समझाने आए लेकिन उसने एक न सुनी। इसके अलावा कुम्हारी थाना प्रभारी वंदना गौर भी आरक्षक को समझाने के लिए पहुंची लेकिन आरक्षक का हंगामा जारी रहा। संगठन के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि आरक्षक शराब के नशे में था। इसलिए वह गालियां देता रहा। घटना से आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने डीजीपी और गृह मंत्री से आरक्षक पर कार्रवाई की मांग की है।