दिग्विजय सिंह के सामने लखनवास के मंडलम अध्यक्ष ने अपनी पीड़ा बयां की तो सभी हंसने लगे।
- फोटो : अमर उजाला
राजगढ़ में कांग्रेस पार्टी द्वारा ब्लॉक मंडलम तथा सेक्टर प्रभारी के सम्मेलन के कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। दिग्विजय सिंह के सामने लखनवास के मंडलम अध्यक्ष ने अपनी पीड़ा बयां की तो सभी हंसने लगे। मंडलम अध्यक्ष का कहना था कि जब कांग्रेस विधायक बनते हैं तब बेइज्जती होती है, और जब कांग्रेस का विधायक नहीं बनता है तो मेरी इज्जत होती है।
बता दें कि शनिवार को राजगढ़ में आयोजित सम्मेलन में दिग्विजय सिंह पहुंचे थे। जिलेभर के विधायक, पूर्व विधायक सहित कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य था कार्यकर्ताओं को एकजुट करना। दिग्विजय सिंह जब संबोधित कर रहे थे, तभी लखनवास के मंडलम अध्यक्ष बाबूलाल मीणा के अपना अजीबोगरीब दर्द सभी के सामने सुनाया। हालांकि उनकी पीड़ा दिग्विजय सिंह सहित सभी ने हंसी में उड़ा दी। मंडलम अध्यक्ष ने कहा कि साहब जब कांग्रेस विधायक बनते हैं तब बेइज्जती होती है, और जब कांग्रेस का विधायक नहीं बनता है तो मेरी इज्जत होती है। मंडलम अध्यक्ष ने अपनी जेब से रोटी निकाली और कहा कि मेरी एक जेब में रोटी और दूसरी जेब में गोली है। मैं 20 साल से बीमार हूं फिर भी पार्टी का काम करता हूं।
मीणा ने कहा कि पूरे जिले के कार्यकर्ता बैठे हैं, पूछ लो इनसे, ये मुझे जानते हैं कि नहीं। मैं हमेशा पार्टी का काम करता हूं। मैं राजा साहब की वजह से काम करता हूं। लेकिन पार्टी के लोग मेरे काम नहीं करते हैं। मीणा ने उदाहरण भी दिया- महाशिवरात्रि को मीटिंग रखी गई थी, उस समय हमारे गांव में दो मौत हो गई थी। मेरे कहा कि हम मीटिंग बाद में रखेंगे लेकिन इन्होंने मीटिंग की बीजेपी वालों के साथ। हर जगह मेरी बेइज्जती होती है, दरबार से पूछ लो। ये जितने भी विधायक बने हैं, मेरे अपोजिट वालों को मजबूत करते हैं। इसके बाद दिग्विजय सिंह ने मीणा को समझाइश दी।