मध्य प्रदेश कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी के प्रचार के लिए बॉलीवुड अभिनेत्री रेखा और महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर को बुलाना चाहती है।
जबलपुर के कांग्रेस नेता और नगर अध्यक्ष दिनेश यादव ने सोमवार को बताया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा चुनाव प्रचार के लिए स्टार प्रचारकों की सूची मांगी गई थी।
यादव ने कहा कि जो सूची भेजी गई है उसमें सचिन तेंदुलकर और रेखा को जबलपुर में पार्टी के प्रचार के लिए बुलाए जाने का आग्रह किया गया है। इसके अलावा तकरीबन 12 प्रचारकों की सूची भी भेजी गई है। उन्होंने बताया कि कमेटी को भेजी गई सूची में हर वर्ग और जाति के नेता तथा प्रसिद्ध हस्तियों को प्रमुखता दी गई है।
सूची में केंद्रीय मंत्री कमलनाथ, ज्योतिरादित्य सिंधिया, सचिन पायलट, सलमान खुर्शीद, कांग्रेस नेता जनार्दन द्विवेदी, सुरेश पचौरी, पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के साथ ही भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन और फिल्म अभिनेता राज बब्बर का नाम भी शामिल है।