शिवराज सरकार में नए राज्यमंत्री का दर्जा पाने वाले नामदेव दास त्यागी उर्फ कंप्यूटर बाबा 'गायब' हो गए हैं। वे सरकारी गेस्ट हाउस में ठहरे हुए थे, जहां वे धूनी रमाने में व्यस्त थे। ऐसा माना जा रहा है कि वे नर्मदा सरंक्षण के लिए यात्रा पर रवाना हो गए हैं। चौंका देने वाली बात है कि बाबा गेस्ट हाउस के जिस 20 नंबर कमरे में ठेहरे थे उसकी चाबी भी साथ ले गए हैं।
बाबा तीन दिनों से भोपाल के सरकारी गेस्ट हाउस में धूनी रमा रहे थे, लेकिन वे गुरुवार सुबह वे वहां नहीं मिले। उनके वहां से जाने की जानकारी किसी अधिकारी के पास नहीं है। दरअसल, सरकारी गेस्ट हाउस में तीन दिन के बाद ठहरने के लिए पहले सूचना देनी होती है, लेकिन बाबा ने ऐसा नहीं किया।
बाबा के चाबी साथ लेकर जाने की कोई जानकारी ही प्रोटोकॉल अधिकारी को नहीं है। वहीं, गेस्ट हाउस के कर्मचारी का कहना है कि बाबा का सामान रूम में है इसीलिए चाबी साथ लेकर गए है। बताया जा रहा है कि बाबा ने धूनी रमाने से पहले नर्मदा सरंक्षण के लिए यात्रा की घोषणा की थी।
बता दें कि बाबाओं को राज्यमंत्री का दर्जा दिए जाने पर शिवराज सरकार को हाईकोर्ट से नोटिस मिला है। इस पर जब कंप्यूटर बाबा से सवाल किया गया, तो बाबा ने कहा कि इसकी जवाबदेही शिवराज सिंह चौहान देंगे।