रीवा में चाय पिलाने के बहाने शातिर अपराधी को लेकर भाग गए साथी।
- फोटो : अमर उजाला
रीवा जिले के सिरमौर न्यायालय से पुलिस कस्टडी से एक शातिर बदमाश के फरार होने का मामला सामने आया है। सबसे ज्यादा हैरानी की बात ये है कि बदमाश चार कॉन्स्टेबलों की निगरानी में पुलिस वाहन से रीवा जेल के लिए जा रहा था, जिसे रास्ते में उसके साथी चाय पिलाने के बहाने भगा ले गए। पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी के दौरान घोर लापरवाही एवं उदासीनता करने वाले चारों कॉन्स्टेबल को सस्पेंड कर दिया है।
जानकारी के अनुसार बुधवार को गढ़ थाने में हंगामा करने वाले शातिर अपराधी संजू सिंह को सिरमौर न्यायालय से जेल जाने के दौरान उसके साथी रास्ते से छुड़ा ले गए। घटना की रिपोर्ट सिरमौर थाने में दर्ज की गई है। पुलिस ने रीवा जिले के गढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत लौरी निवासी संजू सिंह को धारा 353, 332 के मामले में गिरफ्तार कर सिरमौर न्यायालय में पेश किया था। गढ़ थाने से चार पुलिसकर्मी उसे लेकर न्यायालय गए थे। न्यायालय से संजू को जेल भेजने का आदेश दिया गया, कॉन्स्टेबल उसे पुलिस वाहन से केन्द्रीय जेल रीवा ले जा रहे थे। जब पुलिस वाहन उमरी चौराहे पर पहुंचा तो वहां संजू के साथी मौजूद थे उन्होंने उसे चाय पिलाने की बात कह के वाहन से उतरवा लिया और लेकर फरार हो गए। छुड़ा ले गए। रीवा एसपी नवनीत भसीन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए चारों पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है।
आरोपी संजू को गढ़ थाना पुलिस ने एसआई मरकाम के साथ हाथापाई करने के मामले में गिरफ्तार किया था। दरअसल धारा 307 के एक मामले में संदेही को पूछताछ के लिए थाने ले गई थी, जिसे छुड़ाने के लिए संजू सिंह थाने पहुंचा था, इसी दौरान थाने में हंगामा करने के चलते उसे गिरफ्तार किया था।
एसपी ने चार कांस्टेबल किए सस्पेंड
रीवा एसपी ने ड्यूटी में लापरवाही करने वाले आरक्षक सुरेश तिवारी, मयंक सिंह, नितेश कुमार एवं रमाशंकर को निलंबित कर दिया है। फिलहाल पुलिस मामले आरोपी की तलाश कर रही है।