मध्य प्रदेश मानवाधिकार आयोग 28 अप्रैल को झाबुआ में जनसुनवाई करने जा रहा है। इस दौरान जिले में मानवाधिकार हनन से पीड़ित कोई भी व्यक्ति इसमें आवेदन दे सकता है।
बता दें कि मध्य प्रदेश मानव अधिकार आयोग द्वारा ‘आयोग आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत मानवाधिकार हनन से संबंधित मामलों की जिलास्तर पर सीधी जनसुनवाई की जाती है। इसी शृंखला में आयोग द्वारा आगामी 28 अप्रैल (गुरुवार) को कलेक्टर कार्यालय, झाबुआ में सुनवाई की जाएगी। कलेक्टर ऑफिस के सभाकक्ष में सुबह 11 बजे से मानवाधिकार हनन के पूर्व लंबित एवं मौके पर प्राप्त नए मामलों की सीधी जनसुनवाई की जाएगी।
इस जनसुनवाई में आयोग के माननीय अध्यक्ष न्यायमूर्ति नरेन्द्र कुमार जैन, माननीय सदस्य सरबजीत सिंह, आयोग कार्यालय में झाबुआ जिले के मामलों के प्रस्तुतकर्ता अधिकारी सहित आयोग के अन्य अधिकारी, कर्मचारी भी मौजूद रहेंगे। झाबुआ में आयोजित होने वाली इस सीधी जनसुनवाई में मानवाधिकार हनन से पीड़ित, जिले का कोई भी व्यक्ति या समूह अपना नया आवेदन भी दे सकेंगे।