छिंदवाड़ा जिले के बम्हनीलाला निवासी 35 वर्षीय गीता पति अरविंद रघुवंशी की प्रसव के करीब 20 दिन बाद बुधवार को अचानक मौत हो गई। प्रसव के बाद गीता अपने मायके में रह रही थी। बुधवार को अचानक पैरों में तेज दर्द की शिकायत के बाद परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन हालत बिगड़ती चली गई। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
30 जुलाई को हुआ था सीजर से प्रसव
अस्पताल चौकी पुलिस के अनुसार गीता का 30 जुलाई को अम्मा अस्पताल में सीजर ऑपरेशन से प्रसव हुआ था। प्रसव के बाद कुछ दिनों तक अस्पताल में उपचार चला। हालत सामान्य होने पर 4 अगस्त को उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। इसके बाद गीता अपने मायके में रह रही थी।
बुधवार को अचानक पैरों में दर्द की शिकायत
बुधवार को गीता ने अचानक पैरों में दर्द होने की बात परिजनों को बताई। शुरुआत में परिजनों ने इसे सामान्य परेशानी मानते हुए उपचार कराने का निर्णय लिया। उसे तत्काल अम्मा अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी स्थिति को देखते हुए निजी अस्पताल ले जाने की सलाह दी। परिजन गीता को निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां से भी उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मौत की वजह स्पष्ट नहीं, बिसरा सुरक्षित
महिला की अचानक हुई मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। चूंकि प्रसव के करीब 20 दिन बाद महिला की मौत हुई है, इसलिए पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पोस्टमार्टम कराया। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पोस्टमार्टम के दौरान डॉक्टरों ने जांच के लिए बिसरा भी सुरक्षित किया है। अब बिसरा जांच रिपोर्ट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।
ये भी पढ़ें-
इंदौर के बड़े होटल में खाद्य विभाग का छापा: बिना पैकिंग डेट के नॉनवेज मिला; किचन में कॉकरोच-चूहे भी मिले
पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
अस्पताल चौकी पुलिस ने मामले में मर्ग कायम किया है। पुलिस महिला के प्रसव से लेकर मौत तक के घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। अम्मा अस्पताल में हुए उपचार, छुट्टी के बाद महिला की तबीयत और बुधवार को अचानक बिगड़ी हालत से जुड़े तथ्यों की भी जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि मौत का वास्तविक कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और बिसरा जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।