छिंदवाड़ा के पांढुर्णा शहर में मंगलवार को सात घंटे के अंतराल में दो अलग-अलग मौतों की घटनाएं सामने आईं। पहली घटना में टेमनीसाहनी गांव की 19 वर्षीय युवती मेघा सलामे ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। वहीं, दूसरी घटना में तिलक वार्ड के 35 वर्षीय मजदूर नंदलाल मारूती विरघडे की सीने में दर्द के कारण मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, मेघा सलामे मंगलवार को घर में अकेली थी। उसके परिजन खेत पर गए थे और उन्होंने उसे खाना बनाकर लाने के लिए कहा था। जब परिजन दोपहर 12 बजे घर लौटे तो उन्होंने देखा कि मेघा ने जहर खा लिया है। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों को आत्महत्या के कारणों की कोई जानकारी नहीं है। बताया जा रहा है कि मेघा ने 10वीं कक्षा के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी और परिवार के साथ खेत में काम करती थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: बैठक में महापौर सदस्यों ने निकाली भड़ास, बोले- अफसर हमारी नहीं सुनते
मजदूर की सीने में दर्द से मौत
वहीं, दूसरी घटना तिलक वार्ड में हुई, जहां 35 वर्षीय नंदलाल विरघडे की अचानक सीने में दर्द की शिकायत के बाद मौत हो गई। परिजन उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। नंदलाल भवन निर्माण कार्य में मजदूरी करते थे। मृतक का शव पोस्टमॉर्टम के बाद उसके गांव मोरडोंगरी भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
यह भी पढ़ें: ड्यूटी पर तैनात ASI को आया हार्टअटैक, अस्पताल में इलाज के दौरान मौत, उचित इलाज न मिलने का आरोप
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा
जांच अधिकारी प्रकाश रघुवंशी ने बताया कि दोनों मामलों में परिजनों की शिकायत के आधार पर शवों का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। फिलहाल, पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।