छिंदवाड़ा के देहात थाना क्षेत्र के भैसादंड में मंगलवार रात मोबाइल चोरी के संदेह में तीन युवकों पर बर्बरता की वारदात सामने आई है। चाय-नाश्ते दुकान संचालक और उसके साथियों ने तीनों युवकों को कमरे में पूरी रात बंधक बनाकर रखा और मारपीट की। मारपीट में घायल एक युवक को बुधवार दोपहर को जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अब पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
बताया जा रहा है कि बिछुआ के मोहपानी 28 वर्षीय प्रमोद पिता दौलत उईके अपने अन्य साथी मजदूरों के साथ भैंसादंड स्थित कुलबेहरा नदी की निर्माणाधीन पुलिया में मजदूरी करता था। आठ से दस मजदूर निर्माण स्थल पर ही रहते थे। मंगलवार शाम को प्रमोद अपने साथी अंकित और शांताराम के साथ गुटखा लेने निकला था।
गांव में स्थित चाय-नाश्ते दुकान के संचालक ने अपने साथियों के साथ मिलकर मोबाइल चोरी के संदेह में तीनों युवकों को पकड़कर दो अलग-अलग कमरों में बंधक बना लिया था। तीनों के साथ मारपीट की गई थी। बुधवार को बेहोशी की हालत में प्रमोद को जिला अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सकों ने प्रमोद को मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल में छोड़कर भागे आरोपी
ठेकेदार मुकेश ने बताया कि बुधवार सुबह उसे घटना की जानकारी मिली थी। घायल प्रमोद को ढाबा के कर्मचारियों द्वारा पहले निजी अस्पताल ले जाया गया था। वहां डॉक्टर ने भर्ती करने से मना किया तो उन्होंने जिला अस्पताल लाकर छोड़ दिया था। पुलिस के मुताबिक प्रमोद को अस्पताल लाने वाले दोनों युवक मौका पाकर भाग निकले।
तीनों युवकों का मोबाइल भी छीना
ठेकेदार मुकेश ने बताया कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने प्रमोद, अंकित और शांताराम का मोबाइल भी छीन लिया था। ढाबा से एक मोबाइल चोरी हुआ था। आरोपियों को संदेह था कि प्रमोद ने मोबाइल चोरी किया है। इस वजह से उसके साथ ज्यादा मारपीट की गई।