रावनवाड़ा थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ दुष्कर्म और शादी तुड़वाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी ईश्वरी पटले ने बताया कि परासिया की रहने वाली एक युवती ने शिकायत दर्ज कराई कि 26 नवंबर 2021 को वह अपनी सहेली से मिलने शंकरगढ़ गई थी। वहां सहेली नहीं मिलने पर, शंकरगढ़ निवासी अमन धुर्वे ने उसे खैरलांजी ले जाने की बात कहकर अपने साथ ले गया। आरोप है कि वहां अमन ने जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद उसने लगातार युवती को धमकाकर और ब्लैकमेल कर दुष्कर्म किया।
युवती ने बताया कि अमन ने उसकी कुछ तस्वीरें भी खींच ली थीं और इनका इस्तेमाल कर उसे बदनाम करने की धमकी देता रहा। डर के कारण युवती पहले पुलिस में शिकायत नहीं कर पाई। लेकिन मामला तब बढ़ा जब युवती की सगाई के दिन अमन उनके घर के सामने आकर धमकाने लगा और सगाई तुड़वा दी।
घटना से आहत होकर युवती ने अपने परिवार के साथ थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी अमन धुर्वे के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 376 और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश जारी है।