थाने में शिकायत लेकर पहुंचे पीड़ित रंगलाल।
- फोटो : अमर उजाला
तामिया जनपद पंचायत की धूसावानी ग्राम पंचायत में मनरेगा योजना में कथित भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। आरोप है कि इस मामले को उजागर करने वाले राजढाना निवासी एक युवक को ग्राम पंचायत के सरपंच पति ने जान से मारने की धमकी दी है। धमकी से डरे सहमे युवक ने सोमवार को तामिया थाने पहुंचकर सरपंच पति के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है और अपनी सुरक्षा की गुहार लगाई है। पीड़ित युवक रंगलाल, जो राजढाना गांव का निवासी है, उसने बताया कि उसने धूसावानी ग्राम पंचायत में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) के तहत चल रहे विभिन्न विकास कार्यों के मस्टर रोल ऑनलाइन माध्यम से निकाले थे। इन मस्टर रोल का अध्ययन करने पर रंगलाल को एक चौंकाने वाली जानकारी मिली।
मस्टर रोल में धूसावानी ग्राम पंचायत के सरपंच द्वारा अपने बेटे की नियमित रूप से हाजिरी भरी जा रही थी, जबकि हकीकत यह थी कि सरपंच का बेटा पंचायत में किसी भी प्रकार के मनरेगा कार्य में सक्रिय रूप से भाग नहीं लेता है। रंगलाल ने इस कथित फर्जीवाड़े का प्रमाण जुटाते हुए संबंधित मस्टर रोल का स्क्रीनशॉट लिया और उसे अपने परिचितों के एक व्हाट्सएप ग्रुप में साझा कर दिया। संभवतः इसी व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से यह जानकारी धूसावानी ग्राम पंचायत के सरपंच पति तक पहुंच गई।
शिकायत में रंगलाल ने आरोप लगाया है कि जैसे ही सरपंच पति को इस बात का पता चला कि उसने उनके बेटे की फर्जी हाजिरी का पर्दाफाश किया है, तो वह आग बबूला हो उठे। उन्होंने तत्काल रंगलाल को फोन लगाया और कथित तौर पर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। रंगलाल के अनुसार, सरपंच पति ने उसे स्पष्ट रूप से कहा कि वह चुपचाप सोमवार या मंगलवार को पंचायत में आकर उनसे मिले, अन्यथा उसे जान से मार दिया जाएगा।
ये भी पढ़ें- नौरोजाबाद में घरेलू हिंसा, बेरहमी से पिटाई के बाद पत्नी को किया आग के हवाले, 50 प्रतिशत झुलसी
सरपंच पति की इस धमकी से रंगलाल बुरी तरह से डर गया। उसे अपनी जान का खतरा महसूस होने लगा। सोमवार को रंगलाल तामिया थाने पहुंचा और सरपंच पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। उसने पुलिस को सरपंच पति के साथ हुई अपनी फोन पर बातचीत की रिकॉर्डिंग भी सबूत के तौर पर सौंपी है। इस रिकॉर्डिंग में कथित तौर पर सरपंच पति की धमकी भरी आवाज स्पष्ट रूप से सुनी जा सकती है।
थाना प्रभारी तामिया विजय सिंह ठाकुर ने बताया कि उन्हें इस मामले में शिकायत प्राप्त हुई है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।