यज्ञ सम्राट कनक बिहारी दास महाराज के खाते से 90 लाख रुपए निकाल कर गायब हुई रीना रघुवंशी का भाई हर्ष रघुवंशी को भोपाल से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से एक लग्जरी कार भी बरामद की गई है। दरअसल रीना रघुवंशी ने 90 लाख की ठगी कर अपने भाई हर्ष रघुवंशी के खाते में कुछ पैसे ट्रांसफर किए थे, जिसके बाद उसने महंगी कार, कोलार में एक महंगा प्लांट और एक दुकान खरीदी थी।
यज्ञ सम्राट कनक बिहारी दास जी महाराज के देहांत के बाद फर्जी दस्तावेजों का सहारा लेकर उनके खाते में जमा 90 लाख रुपए निकाल लिए गए थे। नोनीबर्रा मंदिर कनक धाम के उत्तराधिकारी श्याम बाबा की शिकायत के बाद पुलिस ने साध्वी रीना रघुवंशी पर ठगी का मामला दर्ज किया था। इस मामले में हर्ष रघुवंशी को सहआरोपी बनाया गया था। पिछले दिनों हर्ष पुलिस के हत्थे चढ़ा था। पुलिस ने हर्ष को रिमांड पर लिया है। इस दौरान पुलिस ने आरोपी की 27 लाख रुपए कीमत की कार जब्त की है।
टीआई जीएस उईके ने बताया कि 23 अक्तूबर को आरोपी हर्ष पिता सुखलाल रघुवंशी को भोपाल से गिरफ्तार किया गया था। आरोपी ने पुलिस पूछताछ में स्वीकार किया है कि महंत के खाते से उन्होंने रकम निकाली थी। इसी राशि से उसने लग्जरी कार एमजी हेक्टर खरीदी थी। इस कार की कीमत 27 लाख रुपए है।
27 लाख 53000 हुए रिकवर
टीआई जीएस ऊइके ने बताया कि अब तक आरोपी के पास से 27 लाख 53000 रिकवर हुए हैं। जबकि इस फर्जीवाड़ा को अंजाम देने वाली रीना रघुवंशी और उसका साथी मुकेश सोनी अभी भी फरार है, जिसकी तलाश में टीम जुटी हुई है। जल्द ही आरोपी गिरफ्तार हो जाएंगे, ऐसा पुलिस का कहना है।
कनाडा में रहती है आरोपी की बहन
बताया जा रहा है कि आरोपी की एक बहन कनाडा में रहती है। उसके पति कनाडा में जॉब करते हैं। रीना रघुवंशी और हर्ष रघुवंशी उसके संपर्क में थे। इस फर्जीवाड़े को अंजाम देने के बाद रीना रघुवंशी ने अपने भाई हर्ष रघुवंशी के खाते में पैसे ट्रांसफर किए थे। हर्ष को पुलिस ने न्यायालय में पेश कर दिया, जहां से उसे जेल भेज दिए गए हैं।
लैब में काम करता था हर्ष
पुलिस की मानें तो हर्ष रघुवंशी भोपाल की एक लैब में काम करता था। रात को चोरी छुपे हुए 10:30 बजे घर में आता था और सुबह 6:00 बजे भाग जाता था। रघुवंशी समाज के कुछ लोगों ने सक्रियता दिखाते हुए उसपर नजर रखनी प्रारंभ की। उसके बाद जब जैसी उसकी लोकेशन घर में मिली, तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को पकड़ कर लाया।