छिंदवाड़ा में सड़क हादसे का रूप देकर की गई 2 लाख 53 हजार रुपये की लूट के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया। कुंडीपुरा थाना पुलिस ने इस मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 2 लाख 1 हजार रुपये नकद, एक कार, दो मोटरसाइकिल, लूटी गई एक्टिवा और मोबाइल फोन सहित करीब 11 लाख रुपये का माल जब्त किया गया। पुलिस सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई कर रही है।
पुलिस के अनुसार, साईधाम कॉलोनी सोनपुर रोड निवासी कमलेश सूर्यवंशी (37) ने चौकी धरमटेकरी में लूट की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 27 फरवरी की रात करीब 9:35 बजे वे अमरवाड़ा और हर्रई क्षेत्र से मोबाइल बिक्री की वसूली कर वापस लौट रहे थे। उनके पास 2 लाख 53 हजार 400 रुपए थे, जो उनकी एक्टिवा (MP 28 SC-3824) की डिक्की में रखे हुए थे।
ढाबे के पास टक्कर मारकर वारदात
जब कमलेश झिरी जमुनिया स्थित दिल्ली दरबार ढाबा के पास मुख्य सड़क पर पहुंचे, तभी एक कार ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वे सड़क किनारे गिर गए। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों से आए चार युवकों में से एक उनकी एक्टिवा लेकर फरार हो गया। आरोपी एक्टिवा लेकर छिंदवाड़ा-बनगांव रोड की ओर भाग गया, जबकि अन्य आरोपी भी अलग-अलग वाहनों से मौके से फरार हो गए।
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से मिला सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए कुंडीपुरा थाना पुलिस ने घटनास्थल और छिंदवाड़ा-नरसिंहपुर रोड के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर अमरवाड़ा क्षेत्र से 5 लोगों को पकड़ लिया।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में रघु उर्फ यशवंत वर्मा,रामकुमार उर्फ मोनू वर्मा, प्रद्युम्न उर्फ विस्तु वर्मा, विजय अहरवार व संदीप भलावी
को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सभी आरोपियों ने वारदात करना स्वीकार कर लिया। पुलिस के अनुसार इनमें से कुछ आरोपियों के खिलाफ पहले से भी आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
ये भी पढ़ें- Ujjain News: केरल में हत्या और लूट करके भागी आरोपी महिलाएं उज्जैन में गिरफ्तार, 13 साल से थीं फरार
11 लाख का माल बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 लाख 1 हजार रुपए नकद, लूटी गई एक्टिवा, प्लेटिना और सीडी डिलक्स मोटरसाइकिल, वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार व 5 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 11 लाख रुपए बताई जा रही है।