छिंदवाड़ा में परासिया के तहत आने वाले ग्राम पंचायत रावनवाड़ा के सचिव राजकुमार सोनी को जबलपुर लोकायुक्त टीम ने सेामवार को तीन बजे बारह हजार पांच सौ रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा। सचिव और सरपंच ने मिलकर शिकायतकर्ता उप सरपंच नियान खान से पुलिया निर्माण और पाइप ढुलाई की 90 हजार की राशि निकालने की एवज में बीस हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। टीम ने सचिव को रंगे हाथों पकड़ लिया। वहीं, सरपंच अरुण कुमार नवैत पर प्रकरण कायम किया गया है।
लोकायुक्त टीम के इंस्पेक्टर कमल सिंह उईके और भूपेंद्र दीवान ने कार्रवाई की। सचिव ने कालरी ऑफिस के समीप शिकायतकर्ता से बारह हजार पांच सौ रुपये लिए। इसी दौरान टीम ने सचिव राजकुमार सोनी को दबोच लिया। इंस्पेक्टर कमल सिंह उईके ने बताया कि शिकायतकर्ता नियाज खान ने बीस हजार रुपये रिश्वत मांगे जाने की शिकायत की थी। नियाज खान ने पंचायत में 2023 में छह पुलिया का निर्माण किया था। नल जल योजना के पाइप की ढुलाई की थी। मतदान केंद्रों तक जाने के लिए पुलिया का निर्माण किया गया था। इसकी 90 हजार की राशि निकालने के लिए बीस हजार रुपये रिश्वत मांगने की शिकायत की गई थी।
शिकायत की जांच के बाद आज कार्रवाई की गई। सचिव को पकड़ा गया। सरपंच पर भी मामला कायम किया गया है। शिकायतकर्ता नियाज खान ने बताया कि चुनाव के दौरान सचिव ने उनसे कहा था कि पुलिया का निर्माण करा दो, जब राशि आएगी दे देंगे। पुलिया बनने के तीन महीने बाद राशि आ गई, लेकिन उन्हें राशि नहीं दी गई। सरपंच सचिव ने राशि निकालने के लिए रिश्वत की मांग की, जिसकी उन्होंने शिकायत कर दी।