पांढुर्णा के जाम सवाली हनुमान मंदिर में हनुमान लोक का लोकार्पण हुआ। सीएम मोहन यादव ने 362 करोड़ के 67 विकास कार्य शुरू किए। इससे धार्मिक पर्यटन, रोजगार और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
पांढुर्णा में धार्मिक आस्था और विकास की नई इबारत लिखी गई, जब डॉ. मोहन यादव ने जामसांवली स्थित ‘श्री हनुमान लोक’ के प्रथम चरण का लोकार्पण करते हुए करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। इस अवसर ने प्रदेश में तीर्थ पर्यटन, आधारभूत ढांचे और जनकल्याण को नई दिशा देने का संकेत दिया। डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि हमारी सरकार “सच्चा वादा और पक्का काम” के ध्येय को साकार करते हुए संकल्प से सिद्धि की ओर बढ़ रही है। उज्जैन में तीन वर्ष पहले बाबा महाकाल का महालोक बना। इसके बाद प्रदेश के प्रमुख तीर्थ स्थलों को धाम के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया गया। चैत्र नवरात्रि में पांढुर्णा के जामसांवली मंदिर में ‘श्री हनुमान लोक’ सहित 362 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन एक अद्भुत अवसर है। उन्होंने जामसांवली ‘श्री हनुमान लोक’ के दूसरे चरण के विकास कार्यों की घोषणा की तथा बताया कि यहां श्रद्धालुओं के लिए 10 बिस्तरों का छोटा अस्पताल भी बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीराम नवमी के अवसर पर शुक्रवार को भोपाल से राजा रामचंद्र धाम, ओरछा के लिए पीएमश्री हेलीकॉप्टर सेवा का शुभारंभ होगा। ‘श्री हनुमान लोक’ का लोकार्पण प्रदेश में रामराज्य की स्थापना के प्रति सरकार की आस्था को दर्शाता है। मुख्यमंत्री जामसांवली मंदिर में ‘श्री हनुमान लोक’ के प्रथम चरण के लोकार्पण अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
विकास कार्यों की सौगात
मुख्यमंत्री ने 111 करोड़ 63 लाख रुपये की लागत से 31 विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 251 करोड़ 18 लाख रुपये की लागत से 33 विकास कार्यों का भूमि-पूजन किया। इनमें 69 करोड़ 49 लाख रुपये की लागत से बनने वाला संयुक्त जिला कार्यालय भवन, जिला चिकित्सालय एवं शासकीय विज्ञान महाविद्यालय के विभिन्न कार्य, 21 करोड़ 48 लाख रुपये की लागत से बनने वाला पुलिस अधीक्षक कार्यालय तथा पुलिस विभाग से जुड़े अन्य विकास कार्य, और 61 करोड़ 38 लाख रुपये की लागत से पांढुर्णा में बनने वाला रेलवे ओवरब्रिज प्रमुख हैं। इसके साथ ही सौंसर में अमृत 2.0 योजना, राजस्व विभाग के अंतर्गत विभिन्न आवासों तथा शासकीय उच्चतर विद्यालयों में बनने वाली प्रयोगशालाओं का भी भूमि-पूजन किया गया। मुख्यमंत्री ने स्व-सहायता समूह की महिलाओं को ऋण स्वीकृति पत्र एवं किसानों को पट्टों का वितरण किया। साथ ही प्राकृतिक खेती में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्हें पांढुर्णा जिले की पहचान ‘संतरे की डलिया’ भेंट की गई।
देश के साथ मध्यप्रदेश भी आगे बढ़ रहा है
मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के साथ मध्यप्रदेश भी आगे बढ़ रहा है। खाड़ी क्षेत्र में युद्ध जैसी स्थिति के बीच प्रधानमंत्री भारत के स्वाभिमान के अनुरूप विदेश नीति पर निर्णय ले रहे हैं। केंद्र सरकार के प्रयासों से संकट के समय विदेशों में फंसे हजारों भारतीयों की स्वदेश वापसी संभव हो पाई है। उन्होंने कहा कि भगवान श्री हनुमान ने जीवन में बड़ी चुनौतियों का धैर्यपूर्वक सामना किया। प्रभु श्रीराम जब भी संकट में पड़े, हनुमान जी ने तुरंत समाधान किया। इससे हमें विनम्रता और शारीरिक-मानसिक संतुलन बनाए रखने की सीख मिलती है।
ये भी पढ़ें- ग्वालियर में हॉर्न बजाना पड़ा भारी: कार के अंदर बैठी महिला को बदमाशों ने मारी गोली, गले में धंसी; हालत नाजुक
किसान कल्याण वर्ष में आय वृद्धि पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान कल्याण वर्ष में किसानों को दिन में भी बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। किसान फसल उत्पादन के साथ पशुपालन, दुग्ध उत्पादन और मत्स्य पालन से भी आय बढ़ाएं। प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दिया जाएगा। राज्य सरकार ने दुग्ध उत्पादन को 9 प्रतिशत से बढ़ाकर 20 प्रतिशत करने का लक्ष्य रखा है। ‘माता यशोदा योजना’ के अंतर्गत शासकीय विद्यालयों के बच्चों को नि:शुल्क दूध के टेट्रा पैक वितरित किए जाएंगे। स्कूली बच्चों को वर्षभर में 5 लाख साइकिलें वितरित की गई हैं। कक्षा 12वीं के उत्कृष्ट विद्यार्थियों को लैपटॉप और स्कूटी प्रदान की जा रही है। युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। अब तक 70 हजार नियुक्ति पत्र वितरित किए जा चुके हैं, जिनमें ऊर्जा विभाग के 50 हजार पद शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग में 42 हजार पदों पर भर्ती को स्वीकृति दी गई है। इस वर्ष लगभग एक लाख नियुक्तियां पूर्ण की जाएंगी तथा भविष्य में 2.5 लाख नियुक्तियों का लक्ष्य है।
ऊर्जा मंत्री एवं पांढुर्णा जिले के प्रभारी प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि मुख्यमंत्री ने जिले को अनेक विकास कार्यों की सौगात दी है। संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र भावसिंह लोधी ने श्रीराम नवमी के अवसर पर ‘श्री हनुमान लोक’ को प्रदेशवासियों के लिए अनुपम उपहार बताया। कार्यक्रम में सौंसर विधायक विजय चौरे, पांढुर्णा विधायक नीलेश उईके, पूर्व राज्यमंत्री नाना भाऊ मोहोड़, जामसांवली हनुमान धाम ट्रस्ट के अध्यक्ष गोपाल शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।