छिंदवाड़ा के गुलाबरा में एक युवक ने शराब के नशे में अपने मासूम बच्चे के झूले को फंदा बनाकर सुसाइड कर लिया। इसके बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी। कोतवाली टीआई उमेश गोलानी से मिली जानकारी के मुताबिक, लक्ष्मण पिता कोमल गिरी गोस्वामी (29) मोहखेड मऊ का रहने वाला है, जो गुलाबरा में अपनी पत्नी और बच्चों के साथ रहकर ऑटो पार्ट्स की दुकान में काम करता था।
बता दें कि बीती रात उसने ऑटो पार्ट्स की दुकान से आने के बाद शराब के नशे में अपनी पत्नी से विवाद किया। उसकी पत्नी ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह खाना लेकर गई तो उसने पहले खाने की थाली को फेंक दिया और उसके साथ मारपीट करने के बाद अपनी पत्नी और बच्चों को घर से बाहर निकाल दिया। बाद में अंदर का दरवाजा बंद कर लिया। एक घंटे बाद जब उसने दरवाजा नहीं खोला तो पड़ोसियों की मदद से उन्होंने दरवाजे को खुलवाने का प्रयास किया। जब काफी देर तक कोई रिस्पांस नहीं मिला। बाद में खिड़की से झांक कर देखा तो वह बच्चे के झूले के फंदे से लटका हुआ था।
तत्काल इसकी जानकारी महिला ने पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने उसे फंदे से उतार कर जिला अस्पताल लेकर आए। जहां डॉक्टरों ने देर रात उसे मृत घोषित कर दिया। आज पुलिस के द्वारा उसका पोस्टमॉर्टम कराने के बाद उसके शव को परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने बताया कि वह अक्सर शराब के नशे में इस तरह की हरकत पहले भी कर चुका है।