अमरवाड़ा की प्रिया होटल में हुई महिला की हत्या मामले का पुलिस ने शुक्रवार को खुलासा कर दिया। हत्यारे प्रेमी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
अमरवाड़ा टीआई राजेंद्र धुर्वे ने जानकारी में बताया कि सात जनवरी को अमरवाड़ा की प्रिया होटल एवं लॉज में खमरा राजाराम निवासी संतकुमारी इनवाती (40) की लाश मिली थी। उसकी नाक, मुंह से खून निकल रहा था तथा गले में भी चोट जैसे निशान पाए गए थे। मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन की तो पता चला कि महिला एक युवक के साथ होटल में आई थी। महिला का मोबाइल भी मौके से गायब था। इसके बाद साइबर क्राइम पुलिस की मदद से उसका मोबाइल ट्रेस किया गया तो पता चला कि संतकुमारी आरोपी हरीश पिता सुरेशचंद्र चौधरी उम्र 33 साल निवासी ग्राम बेहजम थाना नीमगांव जिला लखीमपुर खीरी उ.प्र. से बात करती थी।
इसके बाद पुलिस ने लोकेशन ट्रेस कर आरोपी को बैतूल से गिरफ्तार किया। जब उससे पूछताछ की गई तो उसने पूरा मामला कबूल कर लिया।
तीन साल पहले मजदूरी करने के दौरान हुई थी दोस्ती
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने बताया कि करीब तीन साल पहले हरीश मजदूरी करने छिंदवाड़ा आया था, तभी अमरवाड़ा में वेयर हाऊस के निर्माण कार्य में मजदूरी के दौरान ग्राम खमरा राजाराम निवासी संतकुमारी इनवाती से उसकी मुलाकात हुई थी। इसके बाद दोनों की मोबाइल फोन से लगातार बातें होने लगीं। उसके बाद से आरोपी संतकुमारी इनवाती को अक्सर अपने साथ खाना खिलाने के लिए प्रिया होटल अमरवाड़ा में लेकर जाता था और वहां पर सभी को उसे अपनी पत्नी बताता था तथा कमरा लेकर रात्रि में रुकता था। इसी कारण रेस्टॉरेंट मालिक तथा वहां काम करने वाले मजदूरों से आरोपी की पहचान हो गई थी। वह वर्तमान में हरनाखेड़ी शुगर मिल में काम करता था।
संत कुमारी ने पांच जनवरी को उसे फोन कर बुलाया था
आरोपी ने बताया कि पांच जनवरी को संतकुमारी के कहने पर उससे मिलने अमरवाड़ा आया और बस स्टैंड अमरवाड़ा से दोनों प्रिया रेस्टारेंट गए जहां पर किराए से एक कमरा लेकर दोनों रुके, वहीं, घटना के दिन सात जनवरी को संतकुमारी आरोपी से कहने लगी कि मुझे तुम्हारे साथ रख लो, मैं तुम्हारे साथ रहूंगी। मुझे यहां नहीं रहना है, फिर आरोपी ने मृतका संतकुमारी के साथ शारीरिक संबंध बनाए। उसके बाद संतकुमारी को समझाने लगा कि मैं तुम्हे अपने साथ नही रख सकता मेरे भी बीबी बच्चे हैं तब संतकुमारी ने आरोपी की बात नहीं मानी और उसके साथ रहने की जिद कर विवाद करने लगी तब गुस्से में आकर आरोपी ने संतकुमारी को उसके ही स्कार्फ से गला घोंटकर मार डाला तथा सुबह मौका देखकर कमरे के दरवाजे में बाहर से ताला लगा कर चाबी अपने साथ में लेकर बस से चांद चला गया तथा दूसरे दिन सुबह अपने घर लखीमपुर यूपी जाने के निकल गया। उसे पुलिस ने आमला जिला बैतूल से गिरफ्तार किया। आरोपी हरीश चौधरी ने पूछताछ में हत्या करना स्वीकार किया है। आरोपी से मृतका का मोबाइल फोन एवं जेवरात जब्त किए गए हैं।