आजादी के 80 साल बाद भी ग्रामीण इलाकों में बुनियादी सुविधाओं की स्थिति कई जगह चिंता का विषय बनी हुई है। जिले की अमरवाड़ा जनपद मुख्यालय से महज 12 किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत सालीवाड़ा शारदा के खजरी मोहल्ले में सड़क की बदहाली का ऐसा मामला सामने आया, जिसने ग्रामीणों की परेशानी को उजागर कर दिया।
मंगलवार को प्रसव पीड़ा से तड़प रही गर्भवती महिला को लेने पहुंची 108 एम्बुलेंस कीचड़ में तब्दील हुई कच्ची सड़क के कारण मोहल्ले तक नहीं जा पाई। मजबूरी में ग्रामीणों ने गर्भवती महिला को चारपाई पर लिटाकर कीचड़ भरे रास्ते से एम्बुलेंस तक पहुंचाया। इसके बाद महिला को अमरवाड़ा अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी सामान्य डिलीवरी हुई। जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ बताए गए हैं।
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह ग्राम पंचायत सालीवाड़ा शारदा के खजरी मोहल्ला निवासी 21 वर्षीय प्रदीपा पति राजकुमार बट्टी को प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने तत्काल 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। कुछ ही देर में एम्बुलेंस पक्की सड़क तक पहुंच गई, लेकिन खजरी मोहल्ले की कच्ची सड़क पर बारिश के कारण जमा हुए कीचड़ और गड्ढों के चलते एम्बुलेंस आगे नहीं जा सकी। आखिरकार परिजनों ने प्रसव पीड़ा से परेशान प्रदीपा को चारपाई पर लिटाया और ग्रामीणों के साथ मिलकर उसे एम्बुलेंस तक लेकर पहुंचे।
आपात स्थिति में सड़क की बदहाली बनी बाधा
ग्रामीणों का कहना है कि खजरी मोहल्ले की सड़क लंबे समय से बदहाल है। सामान्य दिनों में भी आवागमन में परेशानी होती है, जबकि बारिश के मौसम में स्थिति और खराब हो जाती है। कच्ची सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और कीचड़ होने से दोपहिया और चारपहिया वाहनों का निकलना मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि किसी मरीज की हालत गंभीर हो और उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाने की जरूरत पड़े तो सड़क की स्थिति बड़ी समस्या बन सकती है। गर्भवती चारपाई पर एम्बुलेंस तक पहुंचाने की घटना ने इस परेशानी को सामने ला दिया है।
ये भी पढ़ें: खरगोन: चार गुना मुआवजे की मांग पर किसानों का शक्ति प्रदर्शन, तीन किमी लंबी ट्रैक्टर-वाहन रैली निकाली
प्रशासनिक अमला खजरी पहुंचा
मामला सामने आने के बाद बुधवार को प्रशासनिक अधिकारी खजरी मोहल्ले की सड़क का निरीक्षण करने पहुंचे। एसडीएम हेमकरण धुर्वे, जनपद पंचायत सीईओ जयदेव शर्मा और सहायक यंत्री नितिन ब्रम्हे ने मौके पर पहुंचकर सड़क की स्थिति देखी। अधिकारियों ने तत्काल सड़क के गड्ढों को भरने के लिए पंचायत को निर्देश दिए। साथ ही ग्रामीणों को सड़क का स्थायी समाधान कराने के लिए पीडब्ल्यूडी के माध्यम से सड़क निर्माण कराने का आश्वासन दिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि सड़क का स्थायी निर्माण हो जाए तो बारिश के दिनों में होने वाली परेशानी से राहत मिल सकती है।
ग्राम पंचायत सालीवाड़ा शारदा की सरपंच माया चंदन पटेल और सचिव इंद्रकुमार भलावी का कहना है कि खजरी मोहल्ले की सड़क की समस्या को लेकर जनपद पंचायत के अधिकारियों को कई बार लिखित और मौखिक रूप से अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद सड़क निर्माण नहीं हो सका। उन्होंने बताया कि पंचायत स्तर से समस्या बताने के बाद भी अब तक ग्रामीणों को केवल आश्वासन ही मिला है। अब ग्रामीणों के साथ कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर पक्की सड़क निर्माण की मांग की जाएगी, ताकि समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी
सड़क की बदहाली से नाराज खजरी मोहल्ले के ग्रामीणों ने प्रशासन को आंदोलन की चेतावनी दी है। ग्रामीणों ने कहा कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण की प्रक्रिया शुरू नहीं की गई तो वे तहसील मुख्यालय पहुंचकर आंदोलन करेंगे और प्रशासनिक कार्यालय का घेराव भी किया जाएगा।