अधिकारी को धमकी देता सरपंच पुत्र।
छिंदवाड़ा के चांद तहसील क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ चल रही कार्रवाई के दौरान राजस्व विभाग की टीम के साथ अभद्रता का मामला सामने आया है। भाजी पानी खापा गांव में कार्रवाई करने पहुंची टीम के साथ गांव के सरपंच झनकलाल के बेटे भरतराम ने कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए विवाद कर लिया। घटना के बाद राजस्व अमले ने मौके से रेत से भरे ट्रैक्टर को जब्त कर लिया और पूरा प्रकरण खनिज विभाग को भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, राजस्व विभाग को पिछले कई दिनों से क्षेत्र में नदी-नालों से अवैध रूप से रेत निकाले जाने और ट्रैक्टरों के जरिए परिवहन किए जाने की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों के आधार पर राजस्व विभाग की टीम ने भाजी पानी खापा क्षेत्र में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने एक ट्रैक्टर को रेत परिवहन करते हुए पकड़ा।
बताया जा रहा है कि जैसे ही टीम ने ट्रैक्टर चालक से दस्तावेजों की जानकारी लेना शुरू किया, उसी दौरान सरपंच झनकलाल का बेटा भरतराम मौके पर पहुंच गया। आरोप है कि उसने कार्रवाई का विरोध करते हुए राजस्व कर्मचारियों से तीखी बहस शुरू कर दी और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ देर तक मौके पर तनाव की स्थिति बनी रही।
ट्रैक्टर को जब्त किया गया
राजस्व अधिकारियों ने स्थिति को संभालते हुए नियमानुसार कार्रवाई जारी रखी और ट्रैक्टर को जब्त कर लिया। इसके बाद अवैध रेत परिवहन व शासकीय कार्य में बाधा डालने से संबंधित प्रकरण तैयार कर आगे की कार्रवाई के लिए खनिज विभाग को भेजा गया। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच के बाद नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
क्षेत्र में लंबे समय से मिल रही थीं शिकायतें
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि चांद क्षेत्र के कई गांवों में लंबे समय से अवैध रेत उत्खनन का कारोबार चल रहा है। रात के समय नदी और नालों से रेत निकालकर ट्रैक्टरों के माध्यम से परिवहन किया जाता है। ग्रामीणों ने कई बार प्रशासन से शिकायत भी की, लेकिन कार्रवाई सीमित रही। हाल के दिनों में प्रशासन ने अभियान चलाकर अवैध खनन पर सख्ती शुरू की है।
ये भी पढ़ें- भोजशाला का इतिहास क्या है: मंदिर कब बना मस्जिद? जानें कैसे इस विवाद ने बदल दी मध्य प्रदेश की सियासी दिशा
प्रशासन ने दिए सख्त कार्रवाई के संकेत
घटना के बाद राजस्व विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और परिवहन करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि सरकारी कार्रवाई में बाधा डालने और कर्मचारियों से अभद्रता करने वालों पर भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध रेत कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।