सड़क हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है।
- फोटो : सोशल मीडिया
छिंदवाड़ा के परासिया से शिवपुरी मार्ग पर अपने दादा के साथ दुपहिया से लौट रहे 10 वर्षीय मासूम को बेलगाम डंपर ने रौंद दिया। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। डंपर के टायर में आने से बालक की मौके पर मौत हो गई। दुर्घटना से आक्रोशित लोगों ने चक्काजाम कर प्रदर्शन किया। पुलिस की समझाइश के बाद प्रदर्शन शांत कराया।
जानकारी के अनुसार परासिया से कोयला लेने डंपर शिवपुरी की ओर जा रहा था। स्कूटी सवार दीघावानी बस्ती निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक दुलीचंद डेहरिया अपने दस वर्षीय पोते दिव्यांश डेहरिया को लेकर परासिया बाजार से लौट रहे थे। तेज रफ्तार डंपर ने स्कूटी सवार दादा-पोते को ओवरटेक किया, जिससे वे अनियंत्रित हो गए। दिव्यांश स्कूटी से गिरकर डंपर के टायर में आ गया। उसकी मौके पर मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने पुराने काटा घर क्षेत्र में हुए हादसे के बाद फुटबॉल ग्राउंड के पास चक्काजाम कर दिया। एसडीएम पुष्पेन्द्र निगम और एसडीओपी जितेन्द्र जाट ने मौके पर पहुंचकर आंदोलनकारियों को समझाइश दी।
खबर सुनकर मां हुई बेहोश
सड़क हादसे में बेटे दिव्यांश की मौत से मां बदहवास हो गई। अचानक उसके सीने में तेज दर्द उठा और बेहोश होकर गिर गई। जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिवार में दिव्यांश से बड़ा एक बड़ा भाई भी है।
आरटीओ करेंगे वाहनों की जांच
दुर्घटना से नाराज रहवासियों ने प्रशासन के समक्ष कोल वाहनों से संबंधित कई शिकायतें कीं। प्रशासनिक अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि सभी कोल वाहनों के दस्तावेजों की जांच आरटीओ से कराई जाएगी।