छिंदवाड़ा जिले में लोकायुक्त की टीम ने एक बीएमओ को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। मामला छिंदवाड़ा जिले के जुन्नारदेव स्थित सामुदयिक स्वास्थ्य केन्द्र का है। यहां बीएमओ के पद पर पदस्थ आर आर सिंह ने सोहन श्रीवास्तव से वाहन का 1 लाख 20 रुपये का बिल पास कराने के नाम पर उससे 15 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी।
उप पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त दिलीप झरवडे ने बताया कि चौरई निवासी सोहन श्रीवास्तव ने जुन्नारदेव स्थित सामुदयिक स्वास्थ केन्द्र में किराये से वाहन लगाया था। वाहन किराये का 1 लाख 20 हजार रुपये का बिल पास करने के एवज में बीएमओ आर आर सिंह ने उससे 15 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की, जिसकी शिकायत पीड़ित ने लोकायुक्त विभाग में की थी।
सोमवार को कार्यालय में जैसे ही बीएमओ को शिकायतकर्ता ने रिश्वत के रूप में दस हजार रुपये दिए वैसे ही लोकायुक्त टीम ने दबिश देकर उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। बीएमओ के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।