बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर और देश के चर्चित कथावाचक पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह न कोई धार्मिक प्रवचन है, न राजनीतिक बयान, बल्कि उनकी सादगी और सहज व्यवहार। घटना शनिवार–रविवार की दरमियानी रात की है, जब बाबा बागेश्वर अचानक छतरपुर शहर के छत्रसाल चौराहे स्थित एक मिठाई की दुकान पर पहुंच गए। उस समय दुकानदार अशोक अग्रवाल दुकान बंद करने की तैयारी कर रहे थे। बाबा को अचानक सामने देखकर वे हैरान रह गए।
बाबा ने गाड़ी रुकवाई और बिना किसी औपचारिकता के सीधे दुकान के भीतर पहुंचे। वे सेठ की गद्दी पर बैठ गए और पहले छेना के रसगुल्ले, फिर रसमलाई का स्वाद लिया। इस दौरान दुकानदार ने तिलक कर माला पहनाई और बाबा से आशीर्वाद लिया। बाबा ने दुकानदार के बेटे को गले लगाकर आशीर्वाद दिया और माहौल को और सहज बनाते हुए गद्दी पर बैठकर मजाकिया अंदाज में मिठाई बेचने की आवाज लगाने लगे 'बर्फी ले लो… पेड़ा ले लो… लड्डू ले लो…अपने-अपने भाव से।” यह दृश्य देखकर दुकान पर मौजूद लोग भावुक हो गए। देश-विदेश में सनातन धर्म का संदेश देने वाले बाबा का यह सरल और अपनापन भरा रूप लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया।
पढ़ें: अवैध रेत से भरी ट्रैक्टर ने कार को मारी टक्कर, दूल्हा-दुल्हन समेत चार घायल
दुकानदार ने बताया कि यह हमारे जीवन का सौभाग्य है कि बाबा आधी रात हमारी छोटी सी दुकान पर आए। जिनसे मिलने के लिए लोग वर्षों इंतजार करते हैं, उनका यूं अचानक आना हमारे पूरे परिवार के लिए अविस्मरणीय पल है। यह पहली बार नहीं है। इससे पहले भी बाबा बागेश्वर कभी चाट तो कभी समोसे की दुकानों पर आम लोगों के बीच नजर आ चुके हैं।