दानपेटी तोड़कर चोर ले गए पैसे
- फोटो : अमर उजाला
कूड़नताल के शनि मंदिर की दान पेटी तोड़कर चोर ले गए पैसे
छतरपुर के ओरछा रोड थाना अंतर्गत सिद्ध क्षेत्र कूड़नताल में स्थित शनि मंदिर में बीती रात अज्ञात चोरों ने दान पेटी तोड़कर राशि चुरा ली। शनि देव भगवान का कमंडल भी चोर तोड़कर ले गए हैं। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौका मुआयना कर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम धौरी के रहने वाले सागर सिंह ने बताया कि वह रोज की तरह मंगलवार को भी कूड़नताल धाम आकर दर्शन करने गया था। मिष्ठान की दुकान संचालित करने वाले सागर ने बताया कि सुबह शनि देव के दर्शन करने जाने के दौरान देखा कि दान पेटी टूटी पड़ी है। पास में ही बिना सिम का एक मोबाइल पड़ा मिला है। इसके अलावा पेटी तोड़ने में उपयोग किए गए ईंट पत्थर भी वहीं पड़े थे। सागर सिंह ने तुरंत शनि देव मंदिर समिति के सदस्य अवध पटेल को सूचना दी। पटेल ने मंदिर के पुजारी रामेश्वर प्रसाद जोशी को घटना के बारे में अवगत कराया।
पुजारी जोशी के मुताबिक, दो-तीन महीने में मंदिर की पेटी खोली जाती है। दान पेटी में करीब 15 से 20 हजार रुपये रहे होंगे। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी यहां चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। जोशी ने आशंका व्यक्त की है कि आसपास के गांव के असामाजिक तत्वों ने ही इस घटना को अंजाम दिया होगा। घटना की शिकायत थाने में की गई, जिससे पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण करते हुए कार्रवाई शुरू की है।
वसूली चार लाख से अधिक की राशि
- फोटो : अमर उजाला
दो सैकड़ा वाहन चालकों से वसूली चार लाख से अधिक की राशि
छतरपुर में सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण हेतु छतरपुर पुलिस द्वारा जिले के फोरलेन हाइवे, बागेश्वर धाम मार्ग, खजुराहो के मुख्य मार्ग व लिंक मार्ग में चेकिंग पॉइंट बनाकर सघनता से चेकिंग की जा रही है। चेकिंग में विशेष तौर पर ओवरलोड और ओवर स्पीड वाले वाहन को पकड़ा जा रहा है और नियमों का उल्लंघन व एडवाइजरी का पालन न करने के लिए सख्त कार्रवाई की जा रही है।
गत एक सप्ताह में यातायात पुलिस द्वारा करीब दौ सैकड़ा वाहनों पर प्रतिबंधित क्षेत्र में वाहन पार्क करने, अतिरिक्त सवारी बैठाने, ध्वनि प्रदूषण जैसे नियमों का उल्लंघन करने के लिए कार्रवाई कर चार लाख 17 हजार 400 रुपये वसूले हैं। उक्त राशि को शासकीय कोष में जमा कराया गया है। यातायात प्रभारी निरीक्षक बृहस्पति साकेत ने बताया कि संदिग्ध एवं सड़क दुर्घटनाओं को अंजाम देने वाले वाहनों पर कार्रवाई निरंतर जारी है।
चेकिंग प्वाइंटों पर चेकिंग के साथ पुलिस इंटरसेप्टर मोबाइल वाहन भी विभिन्न मार्ग पर भ्रमण कर रहा है। रोको-टोको अभियान तहत हेलमेट न पहनने, चेहरा छिपाने, बिना नंबर प्लेट, अपारदर्शी फिल्म वाले चार पहिया वाहनों पर कार्रवाई की जा रही है। चालानी कार्रवाई के साथ-साथ विधिवत जांच भी की जा रही है। वाहन चालकों और यात्रियों को जागरुक भी किया जा रहा है।