कार्यक्रम स्थल को लेकर निरीक्षण करते अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
भारत की पहली नदी जोड़ो परियोजना के तहत केन बेतवा लिंक परियोजना अंतर्गत बनने वाले ढोड़न बांध की आधारशिला रखने के लिए पीएम मोदी का दिसंबर माह में खजुराहो दौरा संभव हो सकता है। वहीं एक आमसभा को भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी संबोधित करेंगे, जिसके लिए बमीठा, खजुराहो, राजनगर में जगह देखी जा रही है।
वहीं खजुराहो में आमसभा होने का अनुमान लगाया जा रहा है, जिसको लेकर वन राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार, क्षेत्रीय विधायक अरविन्द पटेरिया सहित छतरपुर जिले के कलेक्टर पार्थ जायसवाल, एसपी अगम जैन, जिला सीईओ तपस्या सिंह परिहार, राजनगर एसडीएम बलवीर रमन, खजुराहो मेला ग्राउंड भी पहुंचे और जगह का निरीक्षण भी किया।
आपको बता दें 44 हज़ार 605 करोड़ की अनुमानित बजट राशि केन-बेतवा लिंक परियोजना को वर्ष 2030 तक पूरा करने का लक्ष्य है। इसके तहत उत्तर प्रदेश में 21 किमी के लिंक चैनल का निर्माण होना है, जिसके लिए 271 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहित होगी। वर्तमान में केन नहर प्रणाली से बांदा में 87 हजार हेक्टेयर से अधिक भूमि सिंचित है।
क्षेत्रीय विधायक अरविन्द पटेरिया ने कार्यक्रम की पुष्टि करते हुए बुंदेलखंड के लिए एक बड़ी सौगात बताई है, केन बेतवा लिंक परियोजना पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी के सपने को साकार होना भी बताया, हालांकि अभी तारीख और जगह का चयन होना बांकि है।