शहर सिटी कोतवाली थाने के बगल में स्थित बालाजी मंदिर के पास उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक राह चलते एक व्यक्ति को अचानक साइलेंट अटैक आ गया और वह सड़क पर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद लोगों की तत्परता से बड़ी अनहोनी टल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मंदिर के पास से गुजर रहे व्यक्ति को अचानक चक्कर आया और वह बेहोश होकर सड़क पर गिर पड़ा। कुछ देर के लिए वहां भीड़ जमा हो गई। इसी दौरान मौके पर मौजूद अभिषेक कुशवाहा ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत युवक की नब्ज जांची और उसे सीपीआर देना शुरू कर दिया।
ये भी पढ़ें: MP News: ऑनलाइन गेम में लाखों हार चुके पिता ने परिवार को पिलाया जहर, बेटी की मौत के साथ दम तोड़ा
कुछ मिनट तक लगातार सीपीआर देने के बाद युवक की सांसें सामान्य होने लगीं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत एंबुलेंस की सूचना दी। प्राथमिक उपचार के बाद युवक को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई है। डॉक्टरों का कहना है कि साइलेंट अटैक के मामलों में तुरंत सीपीआर मिलना बेहद जरूरी होता है। समय पर मदद न मिलने पर स्थिति जानलेवा हो सकती थी।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने अभिषेक कुशवाहा की सराहना की। उनकी तत्परता और समझदारी से एक युवक की जान बच सकी। वहीं चिकित्सकों ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सीपीआर की बुनियादी जानकारी जरूर रखें, ताकि आपात स्थिति में किसी की जिंदगी बचाई जा सके।