छतरपुर जिले के भगवां थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत सिमरिया के शासकीय हाईस्कूल सिमरिया में शिक्षकों के और छात्र-छात्राओं के ऊपर तलवार लेकर हड़काने और मारपीट का मामला सामने आया है, जिसकी थाने में रिपोर्ट की गई। इस पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
आरोप है कि युवक स्कूल में एडमिशन चाह रहा था और लड़कियों के साथ बैठने की ज़िद कर रहा था। जबकि युवक एडमिशन लेने के लिए पात्र ही नहीं था। जब शिक्षक ने मना किया तो वह गुस्से में तलवार लेकर स्कूल पहुंच गया और हंगामा बरपा दिया।
यह है पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, आरोपी भगवां थाना क्षेत्र में शासकीय हाईस्कूल सिमरिया में अंकी मिश्रा द्वारा तलवार दिखाकर छात्र-छात्राओं की मारपीट और शिक्षकों के साथ गाली-गलौज और मारने का प्रयास करना। साथ ही शासकीय कार्य में बाधा पहुंचने की वारदात को अंजाम दिया गया है। जहां इस मामले में थाना प्रभारी को लिखित शिकायती आवेदन दिया गया है।
पहले भी कर चुका वारदात
दरअसल, अंकी मिश्रा द्वारा सोमवार को 11 बजे विद्यालय के अंदर घुसकर तलवार से शिक्षकों को मारने का प्रयास किया गया और ऐसा पहली बार नहीं है। वह पिछले वर्ष भी ऐसा दो बार कर चुका है। इस दौरान छात्र मनीष कुशवाहा और अन्य छात्रों को चाटे मारे छात्र और शिक्षकों द्वारा उसकी तलवार छीनकर बीच-बचाव किया गया। वहीं, कुछ समय बाद उसकी मां आ गई, जिसके द्वारा भी बचाव किया गया। वह वहां विद्यालय से तलवार लेकर घर चली गई।
कोई हताहत नहीं, सिर्फ मारपीट हुई
हालांकि, इस तलवारबाजी में कोई हताहत नहीं है, न ही किसी को चोट लगी है। इस घटना से छात्र, छात्राओं, शिक्षकों में भय व्याप्त है। शिक्षकों और बच्चों का कहना है कि आरोपी पर तत्काल कार्रवाई की जाए, जिससे शाला में भय समाप्त हो और अमन-चैन स्थापित हो, अध्यापन कार्य सुचारू रूप से संचालित हो सके।
थाने में दिया आवेदन
वहीं, इस दौरान शासकीय हाईस्कूल के प्राचार्य CP तिवारी इस दौरान छुट्टी पर थे, जिसके चलते प्रभारी प्राचार्य महेश कुमार जैन माध्यमिक शिक्षक विजय जैन उपस्थित रहे। स्कूल में पदस्थ शिक्षक महेश कुमार जैन ने बताया कि भगवा थाना में जाकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई, जिसमें माध्यमिक शिक्षक विजय कमार जैन के साथ एक लिखित आवेदन दिया गया। वहीं, इस मामले में थाने में धारा 115 (2 ), 296, 351 (2), 132, 333 BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच में लेते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया और जेल भेज दिया गया है।