हिरासत में आत्महत्या मामले में दो आरक्षक निलंबित
- फोटो : अमर उजाला
छतरपुर जिले के राजनगर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस हिरासत में बंद एक आरोपी ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान ग्राम इमलिया निवासी राजेश पटेल के रूप में हुई है। उसे धारा 151 के तहत गिरफ्तार कर थाने में रखा गया था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वह शौचालय जाने की बात कहकर बाथरूम में गया, जहां उसने फांसी लगा ली। गिरफ्तारी के समय और परिस्थितियों को लेकर अभी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिसकर्मी उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। थाने के भीतर हुई इस घटना ने पुलिस व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधन को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की गई।
पढ़ें: रेंजर पर हमले के तीन आरोपी गिरफ्तार, सोहागपुर पुलिस ने की सख्त कार्रवाई
पुलिसकर्मियों पर आरोप, दो आरक्षक निलंबित
मामले में दो पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पुलिस कर्मियों पर 50 हजार रुपये मांगने के आरोप भी सामने आए हैं। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने राजनगर थाने के आरक्षक शिवकुमार और आरक्षक संजय को निलंबित कर दिया है। मामले की न्यायिक जांच जारी है।