जो काम मंत्री, विधायक, उधोगपति और समाजसेवी न कर सके वह काम छतरपुर की एक बेटी ने कर दिखाया है। शहर की ही बेटी दीपाली दत्त चतुर्वेदी ने जिला चिकित्सालय को एक ऑटोमेटिक मोबाइल एक्स-रे मशीन दान दी है। इससे गंभीर मरीजों को एक्स-रे रूम तक नहीं जाना होगा और उनका उनके बिस्तर पर ही एक्स-रे लिया जा सकेगा।
छतरपुर जिला अस्पताल के एक्सप्रेस रूम में इस नई ऑटोमेटिक मोबाइल एक्स रे-मशीन को रखा गया है। दीपाली इससे पहले कोरोना काल में ऑक्सीजन कंसंट्रेटर मशीनें भी जिला चिकित्सालय में दान दे चुकी है। दरअसल, उसी दौरान तत्कालीन कलेक्टर शीलेंद्र सिंह की मौजूदगी में मोबाइल एक्स-रे मशीन की जरूरत बताई गई थी। तब दीपाली ने भरोसा दिलाया था कि वह जल्द ही इस मशीन को अस्पताल में उपलब्ध कराएगी। अपने वादे को पूरा करते हुए उन्होंने यह मशीन अस्पताल को दान दी है। इस मशीन का लोकार्पण 6 जनवरी की शाम कलेक्टर संदीप जी.आर. और दीपाली की मौजूदगी में किया जाएगा।
दीपाली दत्त चतुर्वेदी विजन आईएएस की डायरेक्टर हैं। खुद दिल्ली में रहती हैं। महाराजा छत्रसाल बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी में दीपाली के पिता डॉ. एसडी चतुर्वेदी प्राध्यापक हैं। दीपाली ने खुद भी शुरुआती शिक्षा छतरपुर में ही ली है।