जिले के भगवां थाना क्षेत्र के ग्राम फुटवारी में चार माह की मासूम बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। बच्ची के शरीर पर कूल्हे के पीछे छिलने जैसे निशान मिलने की बात सामने आई है। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल बच्ची की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह बच्ची का पिता लखन बंशकार बकरियां चराने के लिए जंगल गया था। दोपहर करीब 12 बजे उसका भतीजा जंगल पहुंचा और बच्ची की तबीयत बिगड़ने की सूचना दी। सूचना मिलते ही पिता घर पहुंचा, जहां बच्ची अचेत अवस्था में मिली। परिजन तत्काल बच्ची को भगवां अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां से उसे बड़ा मलहरा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया।
ये भी पढ़ें-
'लाडली बहना योजना की राशि से अंडा-मुर्गा खाओ': भाजपा विधायक का अनोखा बयान,महिलाओं से कहा- वोट कमल को देना
शरीर पर मिले निशान, मौत की वजह स्पष्ट नहीं
बताया जा रहा है कि बच्ची के शरीर पर कूल्हे के पीछे छिलने जैसे निशान पाए गए हैं। परिजनों ने किसी कीड़े के काटने या जहरीले पदार्थ के संपर्क में आने की आशंका जताई है। हालांकि, अभी तक मौत के कारण की पुष्टि नहीं हुई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद बच्ची के पिता अपने परिजनों के साथ भगवां थाने पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले से अवगत कराया।
पुलिस ने दर्ज किया मर्ग, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
एडिशनल एसपी आदित्य पटले ने बताया कि ग्राम फुटवारी में चार माह की बच्ची की मौत के मामले में मर्ग कायम कर विवेचना शुरू कर दी गई है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और चिकित्सकों की राय आने के बाद ही चल सकेगा।फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।