सार
छतरपुर के प्रकाश बम्हेरी गांव में बेटी की शादी से कुछ घंटे पहले पिता जय सिंह यादव ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं, परिवार सदमे में है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
छतरपुर जिले के प्रकाश बम्हेरी गांव में मंगलवार को एक बेहद दुखद घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। जिस घर में बेटी की शादी की तैयारियां जोरों पर थीं, वहां अचानक खुशियों की जगह गहरा मातम छा गया। बारात आने से कुछ घंटे पहले ही परिवार के मुखिया जय सिंह यादव (45) ने आत्महत्या कर ली।
जानकारी के अनुसार, जय सिंह यादव की बेटी की शादी मंगलवार को तय थी। घर में सुबह से ही रिश्तेदारों और परिजनों की भीड़ जुटी हुई थी और विवाह की तैयारियां अंतिम चरण में थीं। रात में बारात का स्वागत होना था।
इसी बीच सुबह करीब 7 बजे जय सिंह यादव घर से बिना किसी को बताए निकल गए। कुछ समय बाद गांव के बाहर एक पेड़ पर उनका शव फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और शादी का माहौल पूरी तरह गम में बदल गया। दुल्हन बनने का सपना देख रही बेटी पिता की मौत की खबर सुनकर बेसुध हो गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
पढ़ें: भाजपा विधायक प्रीतम लोधी का नया बयान, कहा- दिल्ली तक करेंगे लोधी-मोदी जोड़ो यात्रा
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक मानसिक तनाव में थे और पहले भी आत्महत्या का प्रयास कर चुके थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है। यह घटना पूरे गांव के लिए एक गहरा सदमा बन गई है, जहां कुछ ही घंटों पहले तक शहनाइयों की गूंज थी, वहां अब सन्नाटा पसरा है।