छतरपुर में दो बाइक पर आए पांच बदमाशों ने एक घर के सामने फायर किए। सारा मामला वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया है।
- फोटो : सोशल मीडिया
छतरपुर में लगातार माफियाओं पर पुलिस प्रशासन द्वारा एंटी माफिया अभियान चलाया जा रहा है, और उनके आशियाने जमींदोज किए जा रहे हैं। लेकिन उसके बावजूद भी अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। ताजा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के किशोर सागर तालाब के पास का है, जहां पर पांच बदमाशों ने फायरिंग की घटना को अंजाम दिया है।
किशोर सागर तालाब के पास एक फरार आरोपी अब्दुल समीर उर्फ भैया ठेकेदार का मकान है। इसी घर के सामने दो बाइक पर सवार होकर आए पांच युवक फायरिंग करते हुए दिखाई देते हैं। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सीसीटीवी में साफ दिखाई दे रहा है की अब्दुल समीर के घर के सामने से दो बाइकों में सवार युवकों ने किस तरह से फायरिंग की घटना को अंजाम दिया है।
पूरे मामले में पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों की तलाश में जुट गई है। फिलहाल उनका कहना है कि किसी ने शिकायत नहीं की है। लेकिन घटना की जानकारी लगते ही सीसीटीवी जरिए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।