कोरोना नियमों का पालन कराने पुलिस का रोको-टोको अभियान
- फोटो : अमर उजाला
छतरपुर जिले में लगातार बढ़ रहे कोरोना मरीजों की संख्या को देखते हुए प्रशासन अब सख्त रवैया अपना रहा है। मंगलवार को कलेक्टर संदीप जी आर और पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा की अगुवाई में पुलिस बल ने कोरोना गाइडलाइन का पालन कराने और लोगों को जागरूक करने के लिए फ्लैग मार्च निकाला। फ्लैग मार्च शहर के महल रोड चौक बाजार से होते हुए बस स्टैंड और आकाशवाणी तिराहा, पन्ना नाका पर जाकर खत्म हुआ। नागरिकों से कोरोना की तीसरी लहर से बचने के लिए लाउडस्पीकर के जरिए कोरोना नियमों का पालन करने की अपील की गई।
रोको-टोको अभियान के तहत 110 लोगों पर कार्रवाई
जिले के छत्रसाल चौक पर नगरपालिका द्वारा रोको-टोको अभियान के तहत 110 लोगों पर कोरोना गाइडलाइन का उल्लघंन करने पर कार्रवाई की। जिला कलेक्टर संदीप जी आर ने नागरिकों से कोरोना नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिले में कोरोना संक्रमण लगातार फैल रहा है। बिना मास्क के घरों से न निकले, भीड़भाड़ में जाने से बचें, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें और हाथों को सेनेटाइज करें। कोरोना गाइडलाइन का पालन कराने के लिए लगातार रोको-टोको अभियान चलाया जा रहा है। गाइडलाइन का उल्लघंन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मास्क न लगाने वालों को जेल भेजा जाएगा। संकट की घड़ी में सभी नागरिकों से सामाजिक दायित्व निभाने की अपील है।
पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने कहा कि अपने परिवार की चिंता करते हुए घर से मास्क पहनकर ही निकले। फ्लैग मार्च के जरिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है। कोरोना गाइडलाइन का पालन न करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। बता दें कि मंगलवार को छतरपुर में 76 नए कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।