छतरपुर जिले में बरातियों से भरी बस पलटने से 2 लोगों की मौत हो गई और करीब दो दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार बस बड़ा मलहरा से बरात लेकर वापस लौट रही थी इसी दौरान हमा गांव के पास पलट गई। बस में बच्चे, महिलाएं, युवा और पुरुष समेत करीब 50 से ज्यादा लोग सवार थे।
दूल्हे के पिता पूरन अहिरवार ने बताया कि उनके बेटे रमेश की शादी बड़ामलहरा के ग्राम कम्मोदपुरा निवासी मनीषा से तय हुई थी, जिसकी बरात 20 अप्रैल को गई थी। जहां गौसिया कंपनी की बस का ड्राइवर रात से ही बस वापस ले जाने की बात कह रहा था। ड्राइवर को दूसरी जगह नंबर लगाने जाना था, जिसके चलते वह सुबह बस में 50 से ज्यादा बरातियों को बैठाकर तेज स्पीड में बड़ामलहरा से छतरपुर की तरफ आ रहा था। इस दौरान बरातियों ने बस चालक को बस तेज रफ्तार में चलाने से मना किया, पर वह नहीं माना। हमा गांव के पास बस को गांव की तरफ मोड़ते समय चालक अपना नियंत्रण खो बैठा, जिसके चलते बस पलट गई।
हादसे के बाद घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। यहां भी लोगों को लिफ्ट बंद होने के चलते परेशानी का सामना करना पड़ा। लिफ्ट के बंद होने के चलते परिजनों को मरीजों को गोद में लेकर सीढ़ियों के सहारे ऑपरेशन थिएटर और सर्जिकल वार्ड की दूसरी और तीसरी मंजिल तक ले जाना पड़ा।
जिला अस्पताल के सर्जन डॉ. मनोज चौधरी ने बताया कि अस्पताल में 2 दर्जन से अधिक लोग घायल होकर आए थे। जिनमें से छह की हालत ज्यादा गंभीर है। दो लोगों की मौत हो गई है। वहीं, एसपी सचिन शर्मा से मिली जानकारी के अनुसार घटना तकरीबन 9 बजे की है। तेज रफ्तार होने के कारण बस पलटी है। घायलों का इलाज जारी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।