छतरपुर जिले के नौगांव नगर में एक ठग वृद्ध महिला ने धर्म और पति के साथ होने वाली अनहोनी दूर करने के नाम पर अकेली महिला को ठग लिया है। तंत्र मंत्र के नाम पर झांसे में लिया और महिला से सोने के जेवरात लेकर भाग निकली। महिला का कहना है कि वृद्धा ने कुछ ऐसा किया कि पूर होश में नहीं थी। जब होश आया तो उसने वारदात की खबर पति को दी। पति ने डायल 100 पुलिस को सूचना दी। पुलिस ठगी करने वाली महिला के सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर तलाश की जा रही है।
जानकारी अनुसार नौगांव नगर के वार्ड क्रमांक 5 भट्ट के बंगाल के पास रहने वाले सुरेन्द्र प्रकाश शर्मा रोज की तरह ड्यूटी गए हुए थे और उनकी पत्नी संध्या शर्मा घर पर थी। शनिवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे लगभग 60 वर्षीय महिला आई और उसने गेट खटखटाते हुए दरवाजा खुलवाया और पानी मांगते हुए धर्म-कर्म करने के लिए 251 रुपये मांगे, तब संध्या ने उसे 20 रुपये दिए। वृद्ध महिला कहने लगी कि आपके घर पर बहुत बड़ा कलेश है और आपके पति के साथ बहुत बड़ी अनहोनी घटने वाली है। आपके पति की जान को खतरा है। मुझे 251 रुपये दे दो, मैं पूजा कर आपके पति के ऊपर आए कलेश की दूर कर दूंगी। यह सुन संध्या घबरा गई और उसने 251 रुपये उस वृद्ध महिला को थमा दिए।
कुछ ऊपर फेंकते ही महिला ने खोई सुध
ठग महिला ने रुपए लेते ही तंत्र-मंत्र कर कुछ संध्या के ऊपर फेंक दिया, जिससे महिला अपने होश खो बैठी। फिर ठग महिला ने पति की जान बचाने के लिए संध्या से सोने की पांच चीजें मांगी। संध्या ने सोने की अंगूठी और मंगलसूत्र दे दिया, फिर वह महिला बोली अब अपने पति की दो चीजें सोने की दो। तब संध्या ने अपने पति की सोने की अंगूठी और चेन जो लगभग 50 ग्राम जिसकी कीमत ढाई लाख रुपये आंकी जा रही है, वृद्धा को दे दी। सोने के जेवरात लेकर ठग महिला घर से भाग निकली।
होश आने पर दी पति और पुलिस को सूचना
थोड़ी देर बाद जैसे ही संध्या को होश आया तो अपने साथ हुई वारदात की खबर ड्यूटी कर रहे पति को दी। घर पहुचे पति ने वारदात की सूचना डायल 100 पुलिस को दी और थाने जाकर आवेदन दिया गया। जिस पर पुलिस CCTV फुटेज खंगाल कर ठग महिला की तलाश में जुटी है। मामले में नौगांव थाना प्रभारी दीपक यादव की मानें तो सूचना प्राप्त होते ही थाना पुलिस द्वारा नगर सहित आसपास में महिला की तलाश की जा रही है।