मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने केंद्र सरकार से महात्मा गांधी रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) से लाभान्वितों के लिए 1076 करोड़ की राशि तत्काल जारी करने का अनुरोध किया है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि केंद्र के राशि उपलब्ध नहीं कराने से मजदूरों को भुगतान नहीं हो पा रहा है।
शिवराज सिंह चौहान ने केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री जयराम रमेश को लिखे पत्र में मनरेगा के जरिए रोजगार प्राप्त करने वाले अनुसूचित जाति व जनजाति के हितग्राहियों और भूमिहीन श्रमिकों के लिए राशि जारी करने का अनुरोध किया है। साथ ही कहा कि राशि न होने से नए कार्य शुरू नहीं हो पा रहे हैं।
उन्होंने केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा राज्य सरकार के विरूद्ध नकारात्मक अभियान चलाये जाने का जिक्र करते हुए मध्यप्रदेश सरकार को योजना का क्रियान्वयन उत्कृष्ट रूप से करने के लिये प्रतिबद्ध बताया है। मुख्यमंत्री ने लिखा है कि राज्य सरकार इस बात के लिये संकल्पित है कि पात्र लोगों को किसी भी प्रकार की कोई परेशानी न हो और उन्हें उनका हक नियमानुसार समय पर प्राप्त हो सके।