मध्यप्रदेश के खरगोन जिले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। इसमें व्यापारी आतंकवादी और नक्सली बनने की शपथ ले रहे हैं। साथ ही, प्रशासनिक अफसरों के घरों पर हमला करने की धमकी भी दे रहे हैं। दरअसल, पूरा मामला खरगोन में हुए अतिक्रमण से जुड़ा है। बताया जा रहा है कि अफसरों ने अतिक्रमण हटाया तो व्यापारी भड़क गए और उन्होंने अजीब-ओ-गरीब शपथ ले ली। इस वीडियो के वायरल होने के बाद लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।
अतिक्रमण हटाओ मुहिम' पर जताया विरोध
खरगोन जिले के भीकनगांव में नगर परिषद, पुलिस प्रशासन और राजस्व विभाग ने संयुक्त रूप से 'अतिक्रमण हटाओ मुहिम' चलाया, जिसके तहत बुलडोजर से 4200 वर्ग फीट की जमीन से अतिक्रमण हटाया गया। दुकानदारों ने इसका पुरजोर विरोध किया। उन्होंने शपथ लेते हुए कहा कि, आज हमारी वर्षों पुरानी दुकानों को गिरा गया है। हमें बेरोजगार किया गया है इसलिए हम शपथ लेते हैं कि अब हम आतंकवादी और नक्सली बनेंगे। इस वीडियो के वायरल होने के बाद से लोगों में डर का माहौल बना हुआ है।
प्रशासनिक अधिकारियों पर हमला करने की दी धमकी
वीडियो में भीकनगांव के समाजसेवी और गौशाला प्रमुख अरविंद जायसवाल प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई के खिलाफ दुकानदारों को आतंकवादी और नक्सलवादी बनने की शपथ दिलाते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो में 'अतिक्रमण हटाओ मुहिम' का विरोध कर रहे लोग ये कह रहे हैं कि वे प्रशासनिक अधिकारियों के घरों पर हमला करेंगे।
एक करोड़ 69 लाख की भूमि हुई अतिक्रमण मुक्त
जानकारी के अनुसार बुधवार को भीकनगांव एसडीएम ओमनारायण सिंह, एसडीओपी प्रवीण उईके, थाना इंचार्ज जगदीश गोयल, सीएमओ मनोज गंगराड़े की टीम ने जिले के झिरन्या रोड़, छोटा चौराहा और जेतगड़ मार्ग की 32 व्यावसायिक दुकानों को ढहाया और एक करोड़ 69 लाख रुपये की करीब 4200 वर्ग फीट की शासकीय भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया।