मध्यप्रदेश विधानसभा में 2023 में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बेस्ट मंत्री, बेस्ट विधायक, बेस्ट अधिकारी और बेस्ट पत्रकार के अवार्ड वितरित किए गए। पीडब्ल्यूडी मिनिस्टर गोपाल भार्गव को वर्ष 2023 के लिए उत्कृष्ट मंत्री के अवार्ड से नवाजा गया। उनके साथ ही मंत्री तुलसी सिलावट और मंत्री मीना सिंह को भी उत्कृष्ट मंत्री सम्मान दिया गया। उत्कृष्ट विधायक सम्मान कांग्रेस के विधायक लक्ष्मण सिंह को दिया गया।
आज यानी मंगलवार को विधानसभा में सम्मान समारोह आयोजित किया गया था। इसमें मंत्री विधायक अधिकारी और कर्मचारियों को उनके सराहनीय काम के लिए सम्मानित किया गया। विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम और संसदीय कार्य मंत्री नरोत्तम मिश्रा की उपस्तिथि में सम्मान समारोह का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस मौके पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सीता सरण शर्मा, विधायक पीसी शर्मा आदि विधायक भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
विधायक को रहता है टिकट का डर
इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि विधायकों को टिकट का डर हमेशा बना रहता है। उन्हें लगता है कि इस बार टिकट मिलेगा की नहीं और अगर टिकट मिल गया तो जनता उन्हें चुनकर फिर से चुनाव में भेजेगी या नहीं। मैं विधायकों से कहना चाहता हूं कि वह टिकट के डर को मन से निकाल दें और एक ही बात याद रखें कि सफलता अंत नहीं है और असफलता अंतिम नहीं है। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने अपनी नवाचार को लेकर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि नए विधायकों को सीखने की आदत डालना चाहिए।
विधायकों ने नहीं किया लैपटॉप का इस्तेमाल
संसदीय कार्य मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि विधानसभा में इस बार विधायकों को लैपटॉप दिए गए थे। लेकिन मैं यह बात दावे से कह सकता हूं कि 90 फीसदी विधायकों ने इन लैपटॉप का इस्तेमाल नहीं किया होगा। इसके साथ ही विधानसभा में सारी प्रक्रिया को ऑनलाइन किया गया। विधायक उससे भी नहीं जुड़े। मिश्रा ने कहा कि हमें आज तकनीक से जुड़ने की जरूरत है और उसका इस्तेमाल करना आना चाहिए।
इन्हें मिला पुरस्कार
मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने साल 2023 के लिए उत्कृष्ट मंत्री सम्मान गोपाल भार्गव, तुलसी राम सिलावट और कुमारी मीना सिंह को दिया गया है। उत्कृष्ट विधायक सम्मान लक्ष्मण सिंह, देवेन्द्र वर्मा, शैलेंद्र जैन, हिना कांवरे, आशीष शर्मा और फूलचंद को दिया गया है। उत्कृष्ट पत्रकार सम्मान दीपेश अवस्थी, राजीवव सोनी, विवेक पटैया और सुधीर दंडोतिया को मिला है। उत्कृष्ट अधिकारी सम्मान एमएल मनवानी, नरेन्द्र मिश्रा, करमजीत छनना और मोहनलाल राय को मिला है। कर्मचारीय पुरस्कार सुमित यादव, निरज उरमलीय, उर्मिला वर्मा और रत्नेश मालवीय को दिया गया है।