आरओ-एआरओ पेपर लीक मामले में पकड़े गए आरोपी।
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश की समीक्षा अधिकारी और सहायक समीक्षा अधिकारी परीक्षा के प्रश्न पत्र लीक कांड में बड़ा खुलास हुआ है। भोपाल में स्थित एक निजी प्रिंटिंग प्रेस के मेकेनिकल इंजीनियर सुनील रघुवंशी ने अपने कॉलेज के समय के दोस्तों के कहने पर पेपर लीक किया था। आरोपी जिस निजी प्रिंटिंग प्रेस में नौकरी करता है, वहां सिक्यूरिटी प्रिंटिंग का कार्य होता है। जिन प्रेस में सिक्यूरिटी प्रिटिंग का कार्य होता है, वहां कई प्रदेशों की सरकारों द्वारा आयोजित प्रायोजित परीक्षाओं के प्रश्न-पत्र, गोपनीय दस्तावेज, विश्व विद्यालय और राज्य के बोर्ड परीक्षाओं बोर्ड के प्रश्न-पत्रों के साथ मार्कशीट/अंकसूची, विभिन्न बैंकों की चेकबुक, राज्य सरकारों के प्रशासकीय वार्षिक प्रतिवेदन सहित अन्य गोपनीय सामरिक महत्व वाले दस्तावेजों की छपाई की जाती है।
उप्र एसटीएफ ने भोपाल के सुनील रघुवंशी सहित पेपर लीक करने वाले गिरोह के छह लोगों को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है। उप्र एसटीएफ ने अब तक सुनील रघुवंशी के साथ बिहार निवासी सुभाष प्रकाश, प्रयागराज निवासी विशाल दुबे, उप्र निवासी संदीप पाण्डेय, बिहार के गया निवासी अमरजीत शर्मा और उप्र के बलिया निवासी विवेक उपाध्याय को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों पर उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा 11 फरवरी 2024 को आयोजित समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी (प्रारम्भिक) परीक्षा-2023 के प्रश्न-पत्र लीक करने का आरोप है। परीक्षा के शुरू होने से पहले ही पेपर सोशल मीडिया पर वायरल होने की शिकायत मिली थी। जिसके बाद सरकार ने परीक्षा को निरस्त कर दी थी और यूपी एसटीएफ को इसकी जांच सौंपी थी।
परिजनों को पता चला तो साधी चुप्पी
बिलखिरिया थाना प्रभारी अभय सिंह ने बताया कि शनिवर को बिलखिरिया निवासी सुनील रघुवंशी के परिजन थाने पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि सुनील रघुवंशी किसी परिचित के बुलाने से उत्तर प्रदेश गया है। वहां जाने के बाद उसने फोन रिसीव करना बंद कर दिया। कभी उसका फोन बंद रहता है तो कभी वह रिसीव नहीं कर रहा। उसके संबंध में कोई जानकारी नहीं मिल पा रही है कि वह कहां है। इसके बाद पुलिस ने जब सुनील रघुवंशी के फोन पर संपर्क किया तो उप्र एसटीएफ के अधिकारी ने फोन रिसीव किया। उसने बताया कि सुनील उनकी हिरासत में है, किसी मामले में वांछित होने के कारण उससे पूछताछ की जा रही है। आगे जो भी होगा परिजनों को बता दिया जाएगा, इसके बाद परिजन थाने से बैरंग रवाना हो गए।
परिजन अब कोई जानकारी नहीं दे रहे
पुलिस सूत्रों की मानें तो बीती रात उत्तर प्रदेश के प्रयागराज एसटीएफ द्वारा जब सुनील रघुवंशी सहित 6 आरोपियों की गिरफ्तारी करके उप्र लोक सेवा आयोग के प्रश्न-पत्र लीक करने वाले गिरोह का खुलासा किया तब भोपाल पुलिस को भी सुनील रघुवंशी की सच्चाई सामने आई। इसके बाद जो व्यक्ति सुनील रघुवंशी की गुमने संबंधी सूचना लेकर बिलखिरिया थाने पहुंचे, वे फोन रिसीव नहीं कर रहे। पुलिस अब परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया है, लेकिन वे कोई जानकारी नहीं दे पा रहे हैं।