भोपाल के बहुचर्चित ट्विशा शर्मा संदिग्ध मौत मामले में परिवार ने न्याय की मांग को लेकर बड़ा विरोध प्रदर्शन किया। ट्विशा के परिजन मुख्यमंत्री आवास पहुंचे और मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की। परिवार का आरोप है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सबूतों में मेल नहीं है, इसलिए दिल्ली एम्स में दोबारा पोस्टमार्टम कराया जाए।
नोएडा की रहने वाली ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला अब और ज्यादा तूल पकड़ता जा रहा है। ट्विशा के परिवार ने मामले में गंभीर सवाल उठाते हुए दोबारा पोस्टमार्टम की मांग की है। परिवार का आरोप है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मौके से मिले सबूतों में मेल नहीं है। वहीं, परिवार ने पति समर्थ सिंह और उनकी मां की गिरफ्तारी की भी मांग की है। रविवार को ट्विशा के परिजन भोपाल स्थित मुख्यमंत्री आवास पहुंचे और मुख्यमंत्री से मुलाकात कर न्याय की गुहार लगाई।
विज्ञापन
“पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सबूत मेल नहीं खा रहे”
ट्विशा के पिता नवनीधि शर्मा ने कहा कि मामला बेहद संदिग्ध है और ऐसे में शव का अंतिम संस्कार कैसे किया जाए। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से मिले सबूतों में कई विरोधाभास हैं। इसी कारण परिवार ने दूसरे पोस्टमार्टम के लिए आवेदन दिया है। उनका कहना है कि यह एक हाई प्रोफाइल परिवार से जुड़ा मामला है और उन्हें अब न्याय मिलने की उम्मीद कम नजर आ रही है।
विज्ञापन
“मेरी बेटी को मार दिया गया”
ट्विशा की मां रेखा शर्मा ने भावुक होते हुए कहा कि उनकी बेटी की हत्या की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पति समर्थ सिंह और उनकी मां दोनों को गिरफ्तार किया जाना चाहिए। परिवार का कहना है कि शादी के बाद से ही ट्विशा को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।
डेटिंग ऐप से हुई थी मुलाकात, पांच महीने पहले हुई थी शादी
जानकारी के अनुसार ट्विशा शर्मा की मुलाकात भोपाल के वकील समर्थ सिंह से एक डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी। दोनों ने दिसंबर 2025 में लव मैरिज की थी। शादी के महज पांच महीने बाद ट्विशा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मामले में ट्विशा की सास और रिटायर्ड जस्टिस गिरिबाला सिंह को पहले ही अग्रिम जमानत मिल चुकी है, जिस पर परिवार लगातार सवाल उठा रहा है।
रविवार को ट्विशा के परिवार वाले भोपाल में मुख्यमंत्री मोहन यादव के आवास पहुंचे। परिवार ने सीएम हाउस के बाहर खड़े होकर मुख्यमंत्री से मिलने की मांग की। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन परिजन सीएम से सीधे मुलाकात की जिद पर अड़े रहे। काफी देर बहस के बाद पुलिस ने परिवार को अधिकारियों से चर्चा करने के लिए अंदर जाने को कहा।
दिल्ली एम्स में दोबारा पोस्टमार्टम की मांग
परिवार ने मांग की है कि ट्विशा का दोबारा पोस्टमार्टम दिल्ली एम्स में कराया जाए और मामले की निष्पक्ष जांच हो। परिवार का कहना है कि मौत के छह दिन बाद भी उन्होंने शव मोर्चरी से नहीं लिया है। ट्विशा के भाई भारतीय सेना में मेजर हैं और पूरा परिवार इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग कर रहा है।