1. दुष्कर्म के 300 दोषियों पर छह साल तक चला शोध, सामने आई अपराध की वजह
भोपाल, इंदौर और ग्वालियर की जेलों में बंद 300 दुष्कर्म के दोषियों से बातचीत के आधार पर एनएलआईयू ने अध्ययन किया। शोध में 154 मामलों में पीड़िताएं नाबालिग थीं, जबकि 89 दोषियों को आदतन अपराधी पाया गया। कई आरोपियों की सोच महिलाओं की स्वतंत्रता और समानता के खिलाफ थी। शोध में पहली से आठवीं तक के बच्चों को सहमति, सम्मान और लैंगिक समानता की शिक्षा देने की सिफारिश की गई है।
बीयू के छात्रावासों में सुधरेंगी बुनियादी सुविधाएं, खराब कमरे भी होंगे तैयार
बरकतुल्ला विश्वविद्यालय के छात्रावासों में लंबे समय से चली आ रही अव्यवस्थाओं को दूर करने की तैयारी है। कुलगुरु प्रो. दीनदयाल बेदिया ने वार्डन और अभियंताओं को पानी, वाटर कूलर, बिजली, वाई-फाई और साफ-सफाई की व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए हैं। निवेदिता कन्या छात्रावास के अनुपयोगी कमरों की मरम्मत कर उन्हें छात्राओं के लिए उपलब्ध कराया जाएगा।
3. एम्स भोपाल में रोबोटिक सर्जरी की ट्रेनिंग, सिमुलेशन से चिकित्सकों ने सीखे गुर
एम्स भोपाल में चिकित्सकों को रोबोटिक सर्जरी की तकनीक का प्रशिक्षण दिया गया। इसमें सिमुलेशन के माध्यम से सर्जरी की बारीकियां समझाई गईं। प्रशिक्षण का उद्देश्य चिकित्सकों को आधुनिक तकनीक से परिचित कराना और जटिल ऑपरेशन में उनकी दक्षता बढ़ाना है।
4.राज्यसभा उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शनिवार को भोपाल विधानसभा भवन में राज्यसभा उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव समेत भाजपा के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। मध्यप्रदेश की रिक्त राज्यसभा सीट पर 12 नवंबर को मतदान होना है।
यह भी पढ़ें-
भोपाल में खपने से पहले पकड़ा सात क्विंटल पनीर: जांच में पांचों नमूने हुए फेल, मुरैना तक पहुंची कार्रवाई
5. मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 400 से ज्यादा कलाकार निकालेंगे गौरव यात्रा
मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में राजधानी में सांस्कृतिक गौरव यात्राएं निकाली गईं। इनमें 400 से अधिक लोक और जनजातीय कलाकार शामिल हुए। पारंपरिक वेशभूषा, लोकनृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए प्रदेश की समृद्ध विरासत की झलक दिखाई गई।