प्रदेश में उच्च शिक्षा के प्रति विद्यार्थियों का रुझान बढ़ा है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 में यूजी, पीजी और एनसीटीई पाठ्यक्रमों में अब तक 5.24 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है, जो पिछले वर्ष की समान अवधि से 65,840 अधिक है। कुल 7.51 लाख विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया, जिनमें सबसे अधिक प्रवेश स्नातक पाठ्यक्रमों में हुए हैं।
उच्च शिक्षा विभाग के शैक्षणिक सत्र 2026-27 की प्रवेश प्रक्रिया ने नया रिकॉर्ड बनाया है। इस बार प्रदेश के सरकारी, निजी और अनुदान प्राप्त महाविद्यालयों में यूजी, पीजी और एनसीटीई पाठ्यक्रमों में अब तक 5 लाख 24 हजार 48 विद्यार्थियों ने प्रवेश ले लिया है। यह आंकड़ा पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 65 हजार 840 अधिक है, जो करीब 14.4 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्शाता है।प्रदेश के 1,256 यूजी-पीजी महाविद्यालयों और 745 एनसीटीई कॉलेजों में कुल 7 लाख 51 हजार 123 विद्यार्थियों ने ऑनलाइन पंजीयन कराया। इनमें से 6 लाख 60 हजार 981 विद्यार्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन किया गया, जिसके बाद 5 लाख 24 हजार 48 विद्यार्थियों का प्रवेश सुनिश्चित हुआ।
विज्ञापन
ऐसे बढ़ रहा हर साल प्रवेश का आकड़ा
विभाग के आंकड़ों के अनुसार प्रवेश संख्या में लगातार बढ़ोतरी का क्रम जारी है। वर्ष 2023-24 में समान अवधि तक 3 लाख 21 हजार 154 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया था। यह संख्या 2024-25 में बढ़कर 3 लाख 90 हजार 411 और 2025-26 में 4 लाख 58 हजार 208 तक पहुंची। अब 2026-27 में यह आंकड़ा पहली बार 5.24 लाख के पार पहुंच गया है। वर्ष 2023-24 की तुलना में दो लाख से अधिक अतिरिक्त विद्यार्थियों ने उच्च शिक्षा संस्थानों में दाखिला लिया है।
स्नातक में सबसे ज्यादा प्रवेश
स्नातक पाठ्यक्रमों के लिए 4 लाख 58 हजार 792 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया। इनमें 4 लाख 13 हजार 963 विद्यार्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन हुआ और 3 लाख 60 हजार 902 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया। पिछले वर्ष की तुलना में स्नातक स्तर पर 42 हजार 40 अधिक विद्यार्थियों ने दाखिला लिया है।
स्नातकोत्तर में भी बढ़ी रुचि
स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में 1 लाख 66 हजार 402 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया। इनमें 1 लाख 43 हजार 533 के दस्तावेज सत्यापित किए गए और 1 लाख 14 हजार 802 विद्यार्थियों को प्रवेश मिला। पिछले वर्ष की तुलना में पीजी स्तर पर 35 हजार 516 अधिक प्रवेश दर्ज किए गए हैं।
एनसीटीई पाठ्यक्रमों में 48 हजार से ज्यादा दाखिले
शिक्षक शिक्षा से जुड़े एनसीटीई पाठ्यक्रमों में 1 लाख 25 हजार 929 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया। इनमें 1 लाख 3 हजार 485 विद्यार्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन किया गया और 48 हजार 344 विद्यार्थियों ने प्रवेश प्राप्त किया।
प्रदेश में महाविद्यालयों की स्थिति
सरकारी महाविद्यालय - 566
निजी महाविद्यालय - 621
अनुदान प्राप्त महाविद्यालय - 65
कुल यूजी-पीजी महाविद्यालय - 1,256
एनसीटीई महाविद्यालय - 745