निगम की लापरवाही के चलते एसटी, एससी उम्मीदवारों को इस भर्ती में शामिल होने का मौका नहीं मिल पाया। मामले की शिकायत निगम के प्रबंध संचालक इलैयाराजा से की गई है। निगम के जिम्मेदार अधिकारियों का कहना है कि सर्विस उच्चतर स्तर की बनाए रखने हेतु आईएचएम से कुशल अभ्यर्थियों का चयन किया गया। शिकायतकर्ताओं ने कहा है कि अगर एमडी कार्रवाई नहीं करते हैं तो वह मामले को एसटी आयोग में ले जाएंगे।
यह है पूरा मामला
मध्य प्रदेश पर्यटन विकास निगम द्वारा विभिन्न होटल प्रबंध संस्थानों से आईएचएम कैंपस प्लेसमेंट के माध्यम से चयन कर 5 एफओए और 8 स्वागतकर्ता की संविदा भर्ती की गयी, किन्तु मप्र शासन के नियमानुसार इस भर्ती में आरक्षण रोस्टर का पालन नहीं किया गया। पर्यटन विकास निगम के अधिकारियों की इस लापरवाही पर एसटी, एससी वर्ग के उम्मीदवारों ने नाराजगी व्यक्त की है और विभाग से तत्काल इसमें कार्रवाई करने की मांग की है।
आरटीआई में मांगी गई जानकारी
मप्र पर्यटन विकास निगम द्वारा आईएचएम कैंपस प्लेसमेंट के माध्यम से स्वागतकर्ता एवं फ्रंट ऑफिस असिस्टेंट के पदों पर (संविदा) भर्ती किए जाने हेतु पर्यटन निगम द्वारा उपयुक्त किए गए आरक्षण रोस्टर की सत्यापित छायाप्रति प्रदान करें।
संस्था का जवाब
निगम एक व्यवसायिक संस्था है। निगम की सर्विस उच्चतर स्तर की बनाए रखने हेतु आईएचएम से प्राप्त सूची में से आल इंडिया लेवल के कार्य कुशल अभ्यार्थियों का ही चयन किया गया है।
अगर संविदा भर्ती में अनियमितता तो कराएंगे जांच
शिकायत मेरे पास आई है मैने सीजीएम को जांच करने के लिए कहा है। मेरे हिसाब से ऐसा नहीं हो सकता अगर किसी प्रकार की गड़बड़ी पाई जाती है तो संबंधित पर कार्रवाई की जाएगी। पर्यटन विकास निगम में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डॉ.इलैया राजा, प्रबंध संचालक, मध्य प्रदेश पर्यटन निगम भोपाल।