त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने भोपाल मंडल होकर चलने वाली तीन जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के फेरे बढ़ा दिए हैं। वहीं, गोरखपुर-गोंडा रेलखंड पर नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के चलते दो ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया है। इससे कुछ स्टेशनों पर इन ट्रेनों का ठहराव प्रभावित रहेगा। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन के बदले मार्ग और प्रभावित ठहराव की जानकारी जांचने की अपील की है। ट्रेनों की समय-सारणी और ताजा जानकारी रेलवे की अधिकृत सूचना प्रणाली और रेलवन ऐप पर देखी जा सकती है।
तीन जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के फेरे बढ़े
1- इंदौर-सूबेदारगंज स्पेशल: ट्रेन संख्या 04170 इंदौर-सूबेदारगंज के फेरे 3 अक्टूबर से 28 नवंबर तक प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को बढ़ाए गए हैं। वापसी में ट्रेन संख्या 04169 सूबेदारगंज-इंदौर 2 अक्टूबर से 27 नवंबर तक प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को चलेगी। यह ट्रेन रूठियाई, गुना और शिवपुरी होकर संचालित होगी।
2- बांद्रा टर्मिनस-वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्पेशल: ट्रेन संख्या 02200 के फेरे 3 अक्टूबर से 28 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार को बढ़ाए गए हैं। वापसी में ट्रेन संख्या 02199 झांसी-बांद्रा टर्मिनस 1 अक्टूबर से 26 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार को चलेगी। यह ट्रेन चाचौड़ा बीनागंज, रूठियाई, गुना और शिवपुरी होकर जाएगी।
3- उधना-प्रयागराज स्पेशल: ट्रेन संख्या 04106 के फेरे 2 अक्टूबर से 30 नवंबर तक प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को बढ़ाए गए हैं। वापसी में ट्रेन संख्या 04105 प्रयागराज-उधना 1 अक्टूबर से 29 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार और रविवार को चलेगी। यह ट्रेन रूठियाई और गुना होकर संचालित होगी।
यह भी पढ़ें-गणेश विसर्जन आज: भोपाल में 1500 झांकियों के साथ निकलेगा चल समारोह, रात तक बदली रहेगी ट्रैफिक व्यवस्था
दो एक्सप्रेस के बदले रास्ते, कई स्टेशनों पर नहीं रुकेंगी
पूर्वोत्तर रेलवे के गोरखपुर-गोंडा खंड में 26 और 27 सितंबर को स्वचालित सिग्नलिंग से जुड़ा नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य होगा। इसके चलते भोपाल मंडल होकर चलने वाली दो ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा।
लोकमान्य तिलक टर्मिनस-गोरखपुर एक्सप्रेस: ट्रेन संख्या 20103 को 26 सितंबर को गोंडा-बस्ती-गोरखपुर के बजाय गोंडा-बढ़नी-गोरखपुर मार्ग से चलाया जाएगा। इसके चलते ट्रेन मस्कनवा, बभनान, बस्ती और खलीलाबाद स्टेशन नहीं जाएगी।
राप्तीसागर एक्सप्रेस: ट्रेन संख्या 12511 गोरखपुर-तिरुवनंतपुरम सेंट्रल एक्सप्रेस 27 सितंबर को गोरखपुर-बस्ती-गोंडा के बजाय गोरखपुर-बढ़नी-गोंडा मार्ग से चलेगी। इस दौरान खलीलाबाद, बस्ती और मनकापुर जंक्शन स्टेशन पर इसका ठहराव नहीं होगा।