भूख हड़ताल पर बैठे पूर्व मंत्री पीसी शर्मा
- फोटो : अमर उजाला
वर्ग-2 और वर्ग-3 शिक्षक भर्ती में पदवृद्धि की मांग को लेकर भोपाल में चल रहा आंदोलन अब दिल्ली कूच की तैयारी तक पहुंच गया है। आंदोलन के 43वें दिन अभ्यर्थियों ने सरकार को 25 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। मांगें पूरी नहीं होने पर सोमवार से भोपाल से दिल्ली तक साइकिल यात्रा निकालने की तैयारी है। इसमें महिला और पुरुष अभ्यर्थियों के बड़ी संख्या में शामिल होने की बात कही जा रही है। इस आंदोलन से जुड़ी एक और उम्मीद राहुल गांधी को लेकर बनी है। सितंबर में इंदौर दौरे के दौरान शिक्षक अभ्यर्थियों ने राहुल गांधी से मुलाकात कर उन्हें भोपाल के आंदोलन में आने का न्योता दिया था। अभ्यर्थियों के मुताबिक, राहुल गांधी ने कहा था कि उन्हें आंदोलन में बुलाया जाए तो वे आएंगे। इसके बाद से आंदोलनकारी उम्मीद जता रहे हैं कि राहुल गांधी भोपाल आकर उनके आंदोलन में शामिल हो सकते हैं। हालांकि, उनके भोपाल आने का अभी कोई आधिकारिक कार्यक्रम सामने नहीं आया है।
पीसी शर्मा और दीप्ति सिंह 25 घंटे की भूख हड़ताल पर
गांधी जयंती के दिन पूर्व मंत्री पीसी शर्मा और कांग्रेस नेता दीप्ति सिंह ठाकुर अभ्यर्थियों के समर्थन में 25 घंटे की भूख हड़ताल पर बैठे हैं। दीप्ति सिंह ठाकुर ने सरकार को 25 घंटे का समय दिया है। उनका कहना है कि इस अवधि में अभ्यर्थियों की मांगों पर निर्णय नहीं हुआ तो सोमवार को वे खुद भोपाल से दिल्ली तक साइकिल यात्रा शुरू करेंगी। आंदोलनकारियों के मुताबिक, इस यात्रा में सैकड़ों छात्र-छात्राएं शामिल हो सकते हैं। इसके जरिए शिक्षक भर्ती में पद बढ़ाने की मांग को दिल्ली तक पहुंचाने की तैयारी है।
नरेंद्र राजपूत का अनशन 23वें दिन
पदवृद्धि की मांग को लेकर नरेंद्र राजपूत की भूख हड़ताल भी जारी है। दो अक्टूबर को उनका अनशन 23वें दिन पहुंच गया है। इससे पहले वे मांगों को लेकर निर्जला अनशन भी कर चुके हैं। अभ्यर्थियों की प्रमुख मांग वर्ग-2 और वर्ग-3 शिक्षक भर्ती में अतिरिक्त पद बढ़ाने की है। आंदोलनकारियों की ओर से वर्ग-2 में 10 हजार और वर्ग-3 में 25 हजार अतिरिक्त पद बढ़ाने की मांग उठाई जा चुकी है।
यह भी पढ़ें-दिग्विजय की जुबान फिसली: बोले-गोडसे की हत्या करने वाली ताकतों से लड़ना है, बाद में गांधी विचारधारा का जिक्र
अब भोपाल से दिल्ली तक आवाज पहुंचाने की तैयारी
43 दिन से भोपाल में चल रहे आंदोलन में अब अभ्यर्थी सरकार पर दबाव बढ़ाने के लिए राजधानी से दिल्ली तक साइकिल यात्रा की तैयारी कर रहे हैं। इंदौर में राहुल गांधी से हुई मुलाकात के बाद उनके आंदोलन में आने की उम्मीद ने भी अभ्यर्थियों के अगले कदम को नई दिशा दी है। अब 25 घंटे के अल्टीमेटम के बाद सोमवार का दिन आंदोलन की अगली रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण होगा।