मध्य प्रदेश में एनएसयूआई कैंपस अभियान शुरु करने जा रही है। जिसकी रणनीति बनाने के लिए शनिवार को राजधानी भोपाल में NSUI प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक हुई। बैठक भोपाल स्थित कांग्रेस प्रदेश कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में एनएसयूआई के राष्ट्रीय सचिव महावीर गुर्जर और राष्ट्रीय सचिव ऋतु बराला, पीसीसी चीफ जीतू पटवारी बैठक में शामिल हुए। छात्रों को एनएसयूआई से जोड़ने का अभियान चलाया जाएगा। कैंपस चलो अभियान के तहत छात्रों को एनएसयूआई में जोड़ा जाएगा एनएसयूआई आगे की लड़ाई लड़ने की योजना बनाई है। छात्र संघ चुनाव, पेपर लीक, छात्रवृति में कटौती का मामला और नई शिक्षा नीति के मुद्दे को जोर देने की तैयारी में है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने एनएसयूआई का कैंपस चलो अभियान लांच किया गया। जिसके तहत भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के पदाधिकारी प्रदेश भर में हर कॉलेज केंपस में जायेंगे और भाजपा सरकार में व्याप्त छात्रों की समस्याओं से अवगत कराते हुये उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ेंगे।
सरकार को नींद से जगाने के लिए एक मांग पत्र जारी किया
पटवारी ने कहा कि एनएसयूआई ने आज प्रदेश कांग्रेस के निर्देश पर मोहन यादव सरकार को नींद से जगाने के लिए एक मांग पत्र जारी किया है, जिसमें पेपर लीक पर कड़ा कानून बनाने, छात्रवृति पर लोकसेवा गारंटी, सबको शिक्षा-सबको प्रवेश और छात्रसंघ के चुनाव कराये जाना प्रमुख है। श्री पटवारी ने कहा कि पेपर लीक मामले में दोषियों को 20 वर्ष की सजा व 10 करोड़ रूपये का जुर्माना किया जाए जो समस्त परीक्षाओं पर लागू हो और जिम्मेदारों की बर्खास्तगी व संस्थान की मान्यता निरस्त की जाये।
छात्रवृत्ति को लोकसेवा गांरटी अधिनिमय में करें शामिल
पटवारी ने कहा कि सीधी में छात्रवृत्ति दिलाने के नाम पर सात आदिवासी बच्चियों के साथ रेप की घटना हुई। वह यह दिखाता है कि इस घटना के दोषी बलात्कारियों के साथ-साथ समय पर छात्रवृत्ति वितरण न करने वाली प्रदेश की भाजपा सरकार भी है। समय पर छात्रवृति न मिलने के कितने विनाशकारी परिणाम देखने को मिले है। ऐसी घटनाएं दोबारा न हो इसलिए छात्रवृत्ति को लोकसेवा गांरटी अधिनिमय में शामिल किया जाना चाहिए, वहीं फर्जी छात्रवृत्ति लेने वाले संस्थानों पर 50 करोड़ रूपये का जुर्माना व जेल भेजा जाये, समय पर छात्रवृत्ति न देने वाले अधिकारियों के वेतन रोकना चाहिए। 3 लाख से कम आय वाले समस्त छात्रों को छात्रवृत्ति मिले।
सबको शिक्षा और संस्थानों में सबको प्रवेश दिया जाए
पटवारी ने आगे बताया कि एनएसयूआई ने सरकार से मांग की है कि सबको शिक्षा और संस्थानों में सबको प्रवेश दिया जाए, जिसके तहत नये पाठ्यक्रम के साथ सीट वृद्धि की जाये, एनईपी के अनुरूप पसंदीदा विषय लेने की छूट प्रदान की जाये। हमारी सरकार ने शिक्षा का मौलिक अधिकार दिया हैं। रोजगार मूलक सिलेबस, इसी सत्र में अजा-अजजा वर्ग की हास्टल की संख्या दोगुनी की जाये, 100 महिला और 50 ईडब्ल्युएस छात्रावास खोले जाये और प्राध्यापकों के रिक्त पदों को भरा जाए। पटवारी ने कहा कि एनएसयूआई द्वारा जारी किए गये मांग पत्र को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिख रहे हैं।
छात्र संघ के चुनाव इसी सत्र से प्रारंभ कराए जाए
एनएसयूआई के अध्यक्ष आशुतोष चौकसे ने कहा कि भाजपा सरकार की छात्र-युवा विरोधी नीतियों से कॉलेजों में अध्ययनरत प्रत्येक छात्रों में असंतोष और आक्रोश व्याप्त है। भाजपा सरकार ने छात्र संघ के चुनावों को समाप्त कर दिया है जिससे छात्र राजनीति पर प्रभाव पड़ा है और इस कारण कॉलेज संचालक अपनी मनमानी कर छात्रों के भविष्य पर कुठाराघात कर रहे हैं। छात्र संघ के चुनाव इसी सत्र से प्रारंभ कराये जाये। चौकसे ने कहा कि एनएसयूआई ने जो कैंपस चलो अभियान जांच किया है उसके तहतएनएसयूआई का एक-एक कार्यकर्ता प्रदेश भर की कॉलेजों में जाकर छात्रों को जोड़ने की मुहिम चलायी जायेगी। श्री चौकसे ने एनएसयूआई द्वारा साल भर चलने वाले क्रार्यक्रम का वार्षिक गतिविधि केलेण्डर बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों को सौंपा, जिसमें हेल्प डेस्क, सदस्यता अभियान, वृक्षारोपण, आजादी का महोत्सव, छात्रों के हित में आंदोलन, कॉलेज यूनिक का प्रशिक्षण, प्रतियोगिता सहित संभाग और प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम जारी किये गये हैं। साथ ही एनएसयूआई की प्रदेश कार्यकारिणी का गठन भी शीघ्र किया जायेगा, जिसमें हर क्षेत्र से छात्र नेताओं को महत्व दिया जायेगा। चौकसे ने कहा कि एनएसयूआई संगठन को ओर अधिक मजबूत बनाये जाने की दिशा में जिला एवं ब्लाक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर गतिविधियों को निरंतर संचालित किया जा रहा है। एनएसयूआई को द्वारा जो मांग पत्र आज जारी किया गया है, वह पूरे प्रदेश में वितरित किया गया, और इसी आधार पर कॉलेजों में कैंपस चलों अभियान के तहत मांग पत्र के निम्न बिंदुओं पर अड़िग रहकर सरकार की नाक में नकेल कर उन्हें छात्रों के हित में मांगों को पूरा करने के लिए विवश किया जायेगा। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता और एनएसयूआई के पूर्व अध्यक्ष मृणाल पंत ने छात्रों के मांग पत्र पर बैठक में आये पदाधिकारियों और जिला अध्यक्षों को विस्तार से अवगत कराया। एनएसयूआई के कैंपस चलो अभियान लॉंच कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ. राजेन्द्र सिंह, पूर्व मंत्री मुकेश नायक, एनएसयूआई के प्रदेश प्रभारी महावीर गुर्जर, रितू बराला, विवेक त्रिपाठी, प्रकाश चौकसे, अक्षय तोमर सहित एनएसयूआई के पदाधिकारीगण, जिला अध्यक्ष उपस्थित थे।