शीतकालीन सत्र के आखिरी दिन भाजपा विधायकों ने विधानसभा परिसर में 2 साल बेमिसाल की तख्तियों के साथ सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। विधायक रामेश्वर शर्मा और अभिलाष पांडे ने दावा किया कि मोहन यादव सरकार ने विकास, विरासत संरक्षण और रोजगार सृजन में उल्लेखनीय काम किया है। मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि सरकार अंत्योदय, गरीब कल्याण और विरासत से विकास की नीति पर आगे बढ़ रही है।
विधानसभा के शीतकालीन सत्र के अंतिम दिन भाजपा विधायकों ने मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव सरकार के दो साल पूरे होने पर विधानसभा परिसर में प्रदर्शन किया। 2 साल बेमिसाल की तख्तियां लेकर भाजपा विधायक सरकार की उपलब्धियों का प्रचार करते नजर आए। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए दावा किया कि प्रदेश में निरंतर विकास हो रहा है।
विज्ञापन
विरासत से विकास की यात्रा जारी
सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने जनकल्याण, विकास और डबल इंजन की अवधारणा को सफलतापूर्वक लागू किया है।सारंग ने कहा कि हमारा लक्ष्य अंत्योदय है। हमारा लक्ष्य गरीब कल्याण है। हम विरासत को भी सहेजेंगे और विकास भी करेंगे। उन्होंने आगे कहा कि यह विकास और कल्याण की यात्रा आगे भी लगातार जारी रहेगी।
जनता के विकास पर कांग्रेस उस्तरा न चलाए
भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार लगातार विकास, सांस्कृतिक संरक्षण और नवाचार को बढ़ावा देने में लगी है। उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाए जा रहे हैं, जबकि कांग्रेस “सिर्फ आरोप लगाने में लगी है।
मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार सशक्त
भाजपा विधायक अभिलाष पांडे ने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में राज्य सरकार सशक्त, स्थिर और तेजी से काम करने वाली बनकर उभरी है। उन्होंने कहा कि सरकार संरक्षण और संवर्धन के साथ-साथ युवाओं के लिए रोजगार सृजन पर लगातार ध्यान दे रही है। कांग्रेस पर हमला करते हुए पांडे ने कहा कि कांग्रेस वही पार्टी है जिसने जनता के साथ विश्वासघात और भ्रष्टाचार किया। आज वह विकास का विरोध कर केवल भ्रम फैलाने में लगी है।